दरभंगा जिले के राढ़ी गांव निवासी के रूप में युवक की हुई पहचान
बिहारशरीफ/ हरनौत : चोरी की नीयत से बुधवार की देर रात गांव में घुसे एक युवक को ग्रामीणों ने पीट-पीट कर मार डाला. युवक को ग्रामीण तब तक पीटते रहे जब तक उसकी जान नहीं चली गयी. यह घटना बुधवार की दे रात हरनौत थाना क्षेत्र के डिहरी गांव में घटी. इधर, हरनौत थानाध्यक्ष संजय कुमार की मानें तो उन्हें इसकी सूचना तब मिली जब युवक की मौत हो चुकी थी. थानाध्यक्ष ने बताया कि अगर रात में ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना दे दी होती तो जख्मी युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा सकता था.
उन्होंने बताया कि मृत युवक की पहचान उसके पॉकेट से बरामद आधार कार्ड से हुई. आधार कार्ड के अनुसार वह दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के राढ़ी गांव निवासी परमेश्वर साह के 27 वर्षीय पुत्र सिकंदर साह था. उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.
पॉकेट से चाकू, मोबाइल व आधार कार्ड मिले
गुरुवार की अहले सुबह ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलने पर हरनौत थानाध्यक्ष संजय कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. इस दौरान मृतक के पॉकेट से एक धारदार चाकू, एक मोबाइल, आधार कार्ड एवं कुछ नकद बरामद किये गये हैं.
चोरी के आराेप में पहले भी गया था जेल
हरनौत थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि उन्होंने दरभंगा पुलिस से संपर्क किया तो पता चला कि युवक पहले भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका था. साथ ही चोरी के दूसरे मामले में फरार चल रहा था, जिसमें दरभंगा पुलिस तलाश कर रही थी. उन्होंने बताया कि गांव में पहले भी चोरी की दो- तीन घटनाएं हो चुकी हैं. ऐसे में आशंका जतायी जा रही है कि युवक ने ही गांव में चोरी की घटना को अंजाम दिया हो.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज :
चोर युवक की मौत के कारणों को लेकर दो तरह की बातें सुनने को मिल रही हैं. कुछ ग्रामीणों की मानें तो चोर एक व्यक्ति के घर में बिजली पोल के सहारे अंदर घुस रहा था. इसी दौरान करेंट लग जाने से हो गयी. इधर, कुछ ग्रामीणों द्वारा चोर- चोर के हल्ला के बाद बेरहमी से पिटाई करने के बाद मौत का कारण बताया जा रहा है. फिलहाल मौत के असली कारणों को लेकर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. शव को मृतक के परिजनों को सौंप दिया गया है.
