शौचालय निर्माण की राशि निकालने वाले 84 पर केस

69 लाभुक, विकास मित्र मनरेगा परियोजना प्रबंधक, लेबर इंस्पेक्टर इंदिरा आवास सहायक व आठ एजेंसियां शामिल हरनौत (नालंदा) : प्रखंड क्षेत्र में फर्जी तरीके से शौचालय निर्माण की राशि निकालने वाले 84 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पटना कमिश्नर आनंद किशोर के आदेश पर हरनौत के बीडीओ देवेंद्र कुमार ने हरनौत थाने में […]

69 लाभुक, विकास मित्र मनरेगा परियोजना प्रबंधक, लेबर इंस्पेक्टर इंदिरा आवास सहायक व आठ एजेंसियां शामिल

हरनौत (नालंदा) : प्रखंड क्षेत्र में फर्जी तरीके से शौचालय निर्माण की राशि निकालने वाले 84 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पटना कमिश्नर आनंद किशोर के आदेश पर हरनौत के बीडीओ देवेंद्र कुमार ने हरनौत थाने में यह प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस संबंध में प्रखंड की चौरिया पंचायत के ग्रामीण चंद्रमणी सिंह ने कमिश्नर को लिखित आवेदन देकर प्रखंड क्षेत्र में बड़े पैमाने पर फर्जी तरीके से शौचालय निर्माण की राशि निकाल लेने का आरोप लगाया था. इस आरोप में 356 मामलों का जिक्र किया गया था.
इस मामले की जांच कमिश्नर ने हरनौत के बीडीओ से जांच कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया था. जांच रिपोर्ट में फर्जी तरीके से शौचालय की राशि निकाल लेने के आरोप को सही पाया गया. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कमिश्नर आनंद किशोर ने सभी दोषी लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया. इस आदेश के आधार पर बीडीओ देवेंद्र कुमार ने प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस अभी इस मामले में सारी जानकारी उपलब्ध कराने से इन्कार कर रही है. बीडीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में पूरी जानकारी बाद में दी जायेगी. मिली जानकारी के अनुसार 84 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इसमें 69 लाभुक, एक विकास मित्र, मनरेगा के परियोजना पदाधिकारी, लेबर इंस्पेक्टर, दो इंदिरा आवास सहायक एवं आठ शौचालय निर्माण करने वाली एजेंसियां शामिल हैं.
जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ने बताया कि इस मामले में 51 लाभुकों ने शौचालय निर्माण के लिए अनुदान के रूप में ली गयी राशि पूर्व में सरकारी कोष में जमा करा दी है. सूत्र बताते हैं कि इस मामले में हरनौत के तत्कालीन बीडीओ के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज हो सकती है. कोई भी पदाधिकारी फिलहाल इस संबंध में कुछ बताने से परहेज कर रहे हैं.
ओडीएफ बार रूम में लटका ताला
आम दिनों में काफी चहल-पहल रहने वाले प्रखंड के ओडीएफ बार रूम में प्राथमिकी दर्ज होने की खबर के बाद से ताले लटके हैं. यहां तैनात कर्मी कहीं नजर नहीं आ रहे हैं. शौचालय निर्माण में फर्जीवाड़ा के बाद प्राथमिकी दर्ज होने से यहां तैनात कर्मियों में हड़कंप मचा है. गर्दन फंसने की संभावना को देखते हुए ओडीएफ बार रूम में तैनात कर्मी फरार हो गये हैं. बुधवार को हरनौत बाजार में इस प्राथमिकी की चर्चा आम रही. चौक-चौराहों से लेकर दुकानों में भी इस शौचालय निर्माण में हुए फजीवाड़े की चर्चा होती रही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >