इलाके में मवेशी चोरी की घटना से आक्रोशित थे ग्रामीण
चोर के पास से पांच मवेशी व एक मैजिक गाड़ी हुई बरामद
हिलसा (नालंदा) : इलाके में मवेशियों की बढ़ती चोरी की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को अपने साहस का परिचय देते हुए रंगे हाथ दो मवेशी चोर को पकड़कर जमकर खातिरदारी करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया. चोरों के पास से चोरी के पांच मवेशी व एक मैजिक गाड़ी बरामद की है. घटना हिलसा थाना क्षेत्र के बड़की घोसी गांव के पास हुई. बताया जाता है कि इलाके में बढ़ती मवेशी चोरी की घटना से ग्रामीण काफी आक्रोशित थे. बुधवार की अहले सुबह हिलसा थाना क्षेत्र के बड़की घोसी-लोहडा सड़क मार्ग से चोरों को मवेशी ले जाता देखा संदेश के आधार पर ग्रामीण इकट्ठा हो गये.
जहां ग्रामीणों की भीड़ आते देख मवेशी छोड़कर चोर भागने लगे ग्रामीणों ने खदेड़ कर दो मवेशी चोर को पकड़कर जमकर धुनाई करने के बाद हिलसा थाना पुलिस को सूचना कर सुपुर्द कर दिया. जबकि अन्य चोर भागने में सफल रहा. चोर के पास से पांच मवेशी (भैंस) तथा एक मैजिक गाड़ी बरामद की है. ग्रामीणों की मार से जख्मी हुए चोर को इलाज के लिए हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं. पकड़े गये चोरों की पहचान पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के शीशा मिल मोहल्ला निवासी इंदल यादव एवं करायपरसुराय थाना क्षेत्र के सांध गांव निवासी कपिंद्र यादव के रूप में की गयी है. पूछताछ के बाद मवेशी चोर गिरोह के अन्य सदस्य की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी करने में पुलिस जुट गयी है.
मवेशी खपाने की थी तैयारी: दूसरे इलाके से मवेशी चोरी कर हिलसा व करायपरसुराय थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में छुपा कर रखा था. जहां बुधवार को सभी मवेशी को कहीं हाट बाजार पहुंचाने की फिराक में था. चोरों ने एक मैजिक गाड़ी लाकर लोहंडा-बड़की घोसी मार्ग में लगाया एवं जगह-जगह पर छुपाया गया मवेशी को लाकर गाड़ी पर लोडकर ले जाने की तैयारी कर रहा था. तभी ग्रामीणों के हत्थे चोर चढ़ गया.
बीते साल भी दो मवेशी चोरों को ग्रामीणों ने पकड़ा था: करीब डेढ़ वर्ष पूर्व में भी हिलसा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के पास चोरी के मवेशी ले जाते रंगे हाथ ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा था. इसके बाद से कुछ दिनों तक इलाके में मवेशी चोरों के बीच भय कायम हुआ था. परंतु इधर फिर मवेशी चोरों की आतंक हमेशा देखने को मिल रहा है. दिन प्रतिदिन मवेशी चोरी की घटना को अंजाम दे रहा था. थानाध्यक्ष आरके झा ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से पकड़े गये मवेशी चोर को गहन पूछताछ के बाद बख्तियापुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया. पकड़े गये अधिकांश मवेशी बख्तियापुर इलाके से ही चोरी कर इधर लाकर छुपाया गया है.
बख्तियारपुर इलाके से मवेशी लाकर छुपाया था
मवेशी के साथ रंगे हाथ पकड़ाये चोर की सूचना विभिन्न थाने को दी गयी. जहां बख्तियारपुर थाने में कार्यरत एसआई उमाशंकर प्रसाद बीते दिन मवेशी चोरी के कई मामले दर्ज हिलसा थाने पहुंचे और मवेशी पालकों से मवेशी की पहचान कराया. जिसमें बख्तियापुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांव के पशुपालक अपनी-अपनी मवेशी की पहचान कर ली. पहचान किये जाने के बाद पकड़े गये चोर व मवेशी को बख्तियारपुर पुलिस अपने साथ लेते गयी.
