झारखंड से शराब की पिकनिक पार्टी मना लौट रहे थे घर
रजौली थाने की पुरानी जांच चौकी पर धराये सभी नशेड़ी
बिहारशरीफ : शराब के नशे में धुत थरथरी प्रखंड के प्रमुख अभिषेक कुमार उर्फ बंटू कुमार अपने तीन साथियों के साथ पकड़ा गया. इन सभी की गिरफ्तारी उस समय की गयी, जब नवादा जिले के रजौली थाने की पुरानी जांच चौकी पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी. नवादा के उत्पाद अधीक्षक प्रमोदित नारायण सिंह ने बताया कि पकड़े गये सभी लोग नशे में धुत थे. शंका होने पर जब उत्पादक निरीक्षक विनोद कुमार खलिफा ने पूछताछ एवं जांच की तो सही पाया गया. उन्होंने बताया कि पकड़े गये नशेड़ियों की पहचान थरथरी थाना के थरथरी गांव निवासी बंटू कुमार, रणजीत पासवान, किशोर साव एवं शंभु कुमार के रूप में की गयी है. बता दें कि इसमें से बंटू कुमार उर्फ अभिषेक कुमार थरथरी प्रखंड का प्रमुख बताया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि उक्त सभी लोग शायद झारखंड से शराब की पिकनिक पार्टी मनाकर निजी वाहन से बिहारशरीफ की ओर जा रहे थे, लेकिन पुरानी जांच चौकी पर वाहन चेकिंग के दौरान पकड़े गये. उत्पाद अधीक्षक श्री सिंह ने बताया कि इन सभी को न्यायिक हिरासत में लेकर कोर्ट में पेशी के लिए जेल भेज दिया गया है. इसके अलावा सभी नशेड़ियों पर उत्पाद अधिनियम की कई सुसंगत धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.
इधर, प्रखंड प्रमुख के नशे में धुत रहने और जांच के दौरान पकड़े जाने की खबर से नालंदा के राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी है.
