बिहारशरीफ/राजगीर : 16 मई से राजगीर में लगने वाले मलमास मेले की तैयारी में प्रशासन जुट गया है. राजगीर के कन्वेंशन सेंटर में सोमवार को जिलास्तरीय संचालन समिति की बैठक हुई. डीएम डॉ त्यागराजन एसएम ने कहा कि कार्य योजना बनाकर तैयारी में लग जाएं. इसके लिए 20 समितियां बनायी गयीं हैं. सभी समितियों के […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
बिहारशरीफ/राजगीर : 16 मई से राजगीर में लगने वाले मलमास मेले की तैयारी में प्रशासन जुट गया है. राजगीर के कन्वेंशन सेंटर में सोमवार को जिलास्तरीय संचालन समिति की बैठक हुई. डीएम डॉ त्यागराजन एसएम ने कहा कि कार्य योजना बनाकर तैयारी में लग जाएं. इसके लिए 20 समितियां बनायी गयीं हैं. सभी समितियों के प्रभारी पदाधिकारियों एवं वरीय प्रभारी पदाधिकारियों से कहा गया कि वह नियमित रूप से समिति द्वारा किये गये जाने वाले कार्यों की मॉनीटरिंग करें.
एक सप्ताह में सभी कोषांगों की फिर समीक्षा होगी. सरस्वती एवं वैतरणी नदियों की सफाई एवं सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है. मेला परिसर में सफाई कराने तथा कूड़ेदान की व्यवस्था करने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी, राजगीर को दिया गया. पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता से कहा गया कि पूरे मेला क्षेत्र का आकलन कर लें. आनेवाले श्रद्धालुओं की संख्या के जरूरत के अनुपात में टॉयलेट एवं पेयजल की व्यवस्था करें.
सभी महत्वपूर्ण जगहों पर बनेंगे टॉयलेट
सभी महत्वपूर्ण जगहों पर टॉयलेट के साथ-साथ यूरिनल भी लगाने को कहा गया. जहां पर साधु-संत रहेंगे वहां उनके लिए शेड, पीने का पानी, टॉयलेट प्रकाश एवं सुरक्षा की व्यवस्था प्रभावी तरीके से करने को कहा गया. कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि पावर ग्रिड के वाटर एटीएम के अलावा 11 वाटर एटीएम पीएचईडी द्वारा भी लगायी जायेंगी. डीएम ने आवश्यकतानुसार और वाटर टैंकर की व्यवस्था करने को कहा. मेला परिसर में बनने वाले कंट्रोल रूम और अस्थायी थाने एवं चिकित्सा केंद्रों में भी पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया
खाद्य सामग्रियों की होगी नियमित जांच : अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर में आईसीयू चालू करने को कहा गया. आसपास के सभी सरकारी एवं प्राइवेट अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखने एवं उनसे समन्वय बनाये रखने को कहा गया. जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन से कहा कि वे फूड इंस्पेक्टर के द्वारा संपूर्ण मेला विधि में सभी दुकानों में बिकने वाली खाद्य सामग्रियों की नियमित रूप से जांच करवाते रहें. पेयजल की भी जांच होनी चाहिए. अग्निशमन एवं बिजली विभाग से संबंधित तैयारी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से कहा गया कि वह बिजली के लुंज-पुंज तार की मरम्मत एवं अन्य तैयारी भी करें. पूरे राजगीर शहर में प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था हो, इसलिए नगर परिषद एवं बिजली कंपनी आपसी समन्वय से काम करें.
तैयारी को लेकर की गयी बैठक, समन्वय बनाकर तैयारी करने का आदेश
पीएचईडी लगायेगा
11 वाटर एटीएम
संस्थाओं से भी समन्वय बनाकर सहयोग करने की अपील
मेला में सहयोग देने वाले गैर सरकारी संगठन, स्वयंसेवी संस्था, वाॅलेंटियर एवं धर्मार्थ संस्थाओं से भी समन्वय बनाकर उनका सहयोग लेने को कहा गया. रोटरी क्लब, रेड क्रॉस से भी समन्वय बनाने को कहा गया. श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई दिक्कत ना हो इसलिए ट्रैफिक प्लान सही रूप से क्रियान्वित करने की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को दिया गया. पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे रहेंगे एवं उनका नियंत्रण कक्ष में के द्वारा मॉनिटरिंग होगी.
पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार पोरीका ने कहा कि पुलिस बल की जरूरत का आकलन कर दूसरे जिलों एवं हेडक्वार्टर से पर्याप्त संख्या में मांग कर लें. थानाध्यक्ष से सूचना संकलन एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया. मेला परिसर में विभिन्न विभागों के द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी. उसकी भी तैयारी अभी से करने को कहा गया.
जिला पदाधिकारी ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से कहा कि वे पूरे जिले तथा राजगीर क्षेत्र एवं राज्य भर में मलमास मेले से संबंधित व्यापक प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना बनाएं. इस मौके पर डीडीसी सुब्रत कुमार सेन, नगर आयुक्त सौरभ जोरवाल, डीआरडीए निदेशक संतोष कुमार श्रीवास्तव समेत, स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंडा समिति, होटल एसोसिएशन, तांगा एसोसिएशन, टेंपो चालक संघ, पालकी संघ, राजगीर स्टेशन के प्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे.