हिलसा (नालंदा) : राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक के घर में दिनदहाड़े बदमाशों ने घुस विकलांग महिला का मुंह बंद कर जेवर सहित 50 हजार की संपत्ति लेकर फरार हो गये. सूत्रों के अनुसार हिलसा शहर के देवनगर निवासी सह इंदौत प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक घन श्याम प्रसाद सोमवार को ड्यूटी गये हुए थे. घर में विकलांग पत्नी मनोरमा देवी अकेली थी. दिन में करीब तीन बजे कुछ बदमाशों ने मौका देखकर घर में घुस गये और विकलांग पत्नी मनोरमा देवी का मुंह पर तोसक से डाल कर पहनी हुई सोना की कर्णवाली,
अंगूठी एवं बक्से का ताला तोड़कर करीब 50 हजार की संपत्ति लेकर फरार हो गये. घटना के समय पतोह भी घर पर नहीं बल्कि बाजार गयी हुई थी. बाजार से घर लौटी और बक्से का ताला टूटा एवं सामान तितर-बितर देख होश उड़ गये. उन्होंने अपने ससुर शिक्षक घन श्याम प्रसाद को फोन कर घटना की सूचना दी. घन श्याम प्रसाद ने हिलसा थाने में शिकायत दर्ज करायी है. थानाध्यक्ष आरके झा ने बताया की मामले की जांच पड़ताल पुलिस द्वारा की जा रही है.
