अस्पताल में चल रहा है इलाज, सभी छात्र- छात्राएं स्वस्थ
दाल व चोखा में से कोई एक बन गया था विषाक्त
कॉलेज के मेस में खाने के बाद उल्टी की शिकायत
बिहारशरीफ / चंडी : विषाक्त भोजन से चंडी स्थित नालंदा इंजीनियरिंग कॉलेज के 54 विद्यार्थी बीमार हो गये, जिनमें डेढ़ दर्जन छात्राएं भी शामिल हैं. सभी का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया और सोमवार की दोपहर के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया. कॉलेज प्रबंधन के अनुसार शनिवार की रात को खाने में दाल और चोखा विद्यार्थियों को परोसा गया था. जो विद्यार्थी दाल और चोखा नहीं खाये उनकी तबीयत नहीं बिगड़ी. लेकिन, 54 ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने मेस में चावल, रोटी, सब्जी, सलाद एवं दही के साथ दाल और चोखा का स्वाद लिया वे सभी विषाक्त भोजन के शिकार हो गये.
इससे प्रतीत हो रहा है कि दाल और चोखा यानी दोनों में से किसी एक खाद्य पदार्थ जहरीला हो गया था. विषाक्त भोजन से ग्रसित विद्यार्थियों को मिचली, उल्टी, पेट दर्द एवं सिर दर्द आदि की शिकायत थी. उन्हें सोमवार की सुबह अस्पताल में दाखिल कराया गया. नालंदा अभियंत्रण कॉलेज के प्राचार्य डॉ सीबी महतो ने बताया कि विषाक्त भोजन के कारण विद्यार्थी बीमार पड़े. दाल व चोखा खाने वाले विद्याथी बीमार पड़े थे, जिनका इलाज कराया गया और अब सभी स्वस्थ हैं. इधर, मेस संचालक ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण भोजन सामग्री का उपयोग मेस में किया जाता है. साथ ही भोजन के रखरखाव में भी पूरी सतर्कता बरती जाती है. बावजूद कहां चुक हुई, इसका पता लगाया जा रहा है.
एक ही मेस में बनता है खाना
अभियंत्रण कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल संचालित है. छात्राओं के हॉस्टल के मेस इन दिनों बंद है. कुछ उपकरणों की खराबी इसकी वजह है. इस कारण छात्रों के हॉस्टल वाले मेस से ही छात्राओं के हॉस्टल में खाना दिया जाता है. उस खाने को इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र – छात्राओं ने उपयोग किया जिससे दोनों हॉस्टल के छात्र-छात्राएं फूड प्वाइजनिंग की शिकार हो गये. प्रति विद्यार्थी 72 रुपये 50 पैसे प्रतिदिन के हिसाब से मेस संचालक को निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन की आपूर्ति करता है.
जानकारी के अनुसार, अमन कुमार, शुभम रंजन, सुधांशु कुमार, अंकित कुमार, सिद्वांत कुमार, सुजीत कुमार, ज्योति कुमारी, सुनीता कुमारी, श्वेता भारती, कंचन कुमारी, पूजा कुमारी, सुशील यादव, अमित मंडल, रोहित कुमार, चांद सुमन, आदित्य आर्य, वर्षा कुमारी, दिलखुश कुमार, नवनीत कुमार आदि बीमार पड़ गये.
मामले की करायी जा रही है जांच : प्राचार्य
फूड प्वाइजनिंग के कारण विद्यार्थी बीमार पड़े. दाल और चोखा में से कोई एक जहरीला हो गया होगा. पूरे मामले की जांच की जा रही है. घटना के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं भोजन के रखरखाव के प्रति मेस संचालक को आगाह कर दिया गया है.
डॉ सीबी महतो, प्राचार्य, नालंदा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग
