रंगदारी नहीं देने पर युवक पर चाकू से हमला, पत्नी से बदसलूकी

मुजफ्फरपुर के सदपुरा में रंगदारी न देने पर दबंगों ने युवक पर चाकू से हमला किया और बीच-बचाव करने आई पत्नी के साथ भी मारपीट व बदसलूकी की। पुलिस जांच में जुटी।

Muzaffarpur News: शहर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सदपुरा मोहल्ले में रंगदारी नहीं देने पर दबंगों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी. आरोप है कि जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला किया गया. बचाने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट, गाली-गलौज और बदसलूकी की गई. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

हर महीने 10 हजार रुपये रंगदारी मांगने का आरोप

थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र के नोनीमल निवासी स्नेह सागर वर्तमान में सदपुरा मोहल्ले में रहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि 28 जून को मोहल्ले के ही मो. मिराज और प्रिंस कुमार ने उनसे हर महीने 10 हजार रुपये रंगदारी की मांग की. आरोपियों ने धमकी दी कि यदि मोहल्ले में रहना है तो हर महीने पैसे देने होंगे.

दरवाजे पर पहुंचकर किया हमला, चाकू से किया वार

पीड़ित के अनुसार, 1 जुलाई की रात करीब 11 बजे मो. मिराज, प्रिंस कुमार, मो. रिक्की और उज्जवल कुमार उनके दरवाजे पर पहुंचे और रंगदारी की राशि मांगने लगे. विरोध करने पर सभी ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान दो आरोपियों ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए.

पत्नी के साथ मारपीट, कपड़े फाड़ने का आरोप

पति की चीख सुनकर जब उनकी पत्नी बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की. पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए और बदसलूकी की. शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

भागते समय महिला को उठा ले जाने की दी धमकी

पीड़ित का आरोप है कि जाते-जाते आरोपियों ने उसकी पत्नी का अपहरण करने और जान से मारने की धमकी भी दी. घटना के बाद स्नेह सागर ने काजी मोहम्मदपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर के चर्चित पूर्व मेयर हत्याकांड में फैसला सुरक्षित, 6 अगस्त को आएगा फैसला


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandan

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >