Wedding Venue Theft: बेटे की शादी में पिता कर रहे थे डांस, बदमाशों ने उड़ा दी 11 लाख की संपत्ति

Wedding Venue Theft: मुजफ्फरपुर के अहियापुर में बेटे की शादी में डांस कर रहे पिता के बैग से शातिर चोरों ने 11 लाख की संपत्ति उड़ा दी. पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जानिए पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट

Wedding Venue Theft: बेटे की शादी की खुशियों में मग्न होकर डांस कर रहे पिता को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब भीड़ के बीच किसी शातिर चोर ने उनके बैग से 11 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया.घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया-दादर रोड स्थित आयुष्मान विवाह भवन की है.शादी समारोह के दौरान हुई इस बड़ी चोरी के बाद पीड़ित ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

डांस के दौरान भीड़ का उठाया फायदा

जानकारी के अनुसार, अहियापुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी विजय महासेठ के बेटे की शादी थी.रात करीब 11 बजे बारात धूमधाम से दरवाजे से निकलकर आयुष्मान विवाह भवन पहुंची थी.मैरिज हॉल के अंदर बाराती और रिश्तेदार डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे.इसी दौरान बेटे की शादी की खुशी में पिता विजय भी उनके साथ झूमने लगे.बताया जाता है कि इसी बीच भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात शातिर ने उनके पास मौजूद बैग की चेन खोली और उसमें रखी भारी नकदी समेत सोने के जेवरात निकाल लिए.

2 लाख कैश और 9 लाख के गहने गायब

कुछ देर बाद जब विजय महासेठ को अपने बैग से सामान गायब होने की भनक लगी, तो शादी समारोह की खुशियां अचानक हड़कंप में बदल गईं.पीड़ित विजय ने पुलिस को बताया कि बैग में 2 लाख रुपये नकद और करीब 9 लाख रुपये मूल्य के सोने के कीमती जेवरात रखे थे.चोरी गए गहनों में दुल्हन के लिए बनवाए गए नथिया, टीका, कान की बाली, मंगलसूत्र, ढोलना और अंगूठी शामिल हैं.

वीडियो फुटेज से आरोपी की हुई पहचान

घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने शादी समारोह का वीडियो फुटेज अहियापुर थाना पुलिस को उपलब्ध कराया.पुलिस ने वीडियो और मैरिज हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की.अहियापुर थाना पुलिस ने बताया कि फुटेज के विश्लेषण से शातिर बदमाश की पहचान कर ली गयी है, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस उससे पूछताछ कर चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के प्रयास में जुटी है.

यह भी पढ़ें: हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर कैंसर की स्क्रीनिंग, मरीजों को गांव में ही मिलेगा इलाज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >