अखाड़ाघाट ने दी राहत, मिठनपुरा सहित शहर के पूर्वी इलाके में पानी की आफत

Water crisis in the eastern part of the city

::: तीन दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद अखाड़ाघाट पंप से बुधवार की सुबह से बहाल हुई पानी आपूर्ति

वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर

तीन दिनों की अथक प्रयास के बाद अखाड़ाघाट पंप आखिरकार चालू हो गया, जिससे वार्ड नंबर 14, 15 और 17 के दर्जनों मोहल्लों में सुबह-सुबह पानी की आपूर्ति शुरू हो गयी. लगातार पानी की किल्लत झेल रहे इन इलाकों के लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आयी. नगर निगम की टीम ने मंगलवार देर रात पंप को ठीक करने में सफलता हासिल की. हालांकि, बुधवार की अहले सुबह मिठनपुरा पंप फेल हो गया. 15 एचपी क्षमता का मोटर जल जाने के कारण मिठनपुरा और आसपास के इलाकों में पूरे दिन पानी की आपूर्ति ठप रही. सुबह से लेकर देर शाम तक लोग पानी के लिए परेशान रहे. निगम की तरफ से शाम तक जले हुए मोटर को बदलकर पंप चालू करने की बात कही गयी है. लेकिन, इस पंप से सप्लाई होने वाले मोहल्ले के लोगों ने निगम के दावे को झूठ करार दिया है. इस भीषण गर्मी में लगातार एक के बाद एक पंप के खराब होने व मोटर जलने से शहर में जल संकट को लेकर चिंता बढ़ गयी है. गर्मी के इस मौसम में पानी की आवश्यकता हर किसी को है और पंप का फेल होना लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है. इधर, नगर निगम शहर के विभिन्न इलाकों में टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति करा रहा है. लेकिन, यह व्यवस्था प्रभावित इलाकों की पूरी जरूरत को पूरा करने में नाकाफी साबित हो रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Devesh kumar

पत्रकारिता के क्षेत्र में देवेश को 17 वर्षों का अनुभव है. उच्च शिक्षा, जमीन रजिस्ट्री, नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्मार्ट सिटी विकास जैसे विषयों पर इनका विशेष लेखन है. राजनीतिक और सामाजिक समसामयिक मुद्दों के साथ-साथ खोजी पत्रकारिता और ब्रेकिंग न्यूज कवरेज में ये सक्रिय हैं. तथ्यपरक, प्रभावी और जन सरोकार से जुड़ी रिपोर्टिंग इनकी प्रमुख पहचान है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >