मुजफ्फरपुर: श्रावणी मेले में कांवरियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए हैं. दूसरी और तीसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए चांदनी चौक और मधौल बाइपास के पास मिनी कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे. जिलाधिकारी कुमार गौरव ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मिलेगी तत्काल सहायता
प्रशासन के अनुसार, पहलेजा घाट से जलबोझी कर आने वाले कांवरियों की सबसे अधिक भीड़ चांदनी चौक और मधौल बाइपास पर पहुंचती है. ऐसे में इन दोनों स्थानों पर बनाए जा रहे मिनी कंट्रोल रूम से श्रद्धालुओं को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
शिफ्टवार तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मी
जिलाधिकारी ने दूसरी और तीसरी सोमवारी के दौरान शिफ्टवार मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए हैं. आदेश के मुताबिक, जब तक दूसरी पाली के अधिकारी कार्यस्थल पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक पहली पाली के अधिकारी अपनी ड्यूटी नहीं छोड़ेंगे. सुबह और शाम के समय इस व्यवस्था की औचक जांच भी की जाएगी.
जलाभिषेक के बाद रुकने की नहीं होगी अनुमति
भीड़ नियंत्रण के लिए गांधी चौक से सरैयागंज टावर तक लोहे की ट्रॉलियां और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे. प्रशासन ने सेवा दल और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में रुकने नहीं दिया जाए. उन्हें निर्धारित मार्ग से लगातार आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि भीड़ का दबाव न बढ़े.
बैरिकेडिंग में ज्यादा देर नहीं रुकेंगे कांवरिये
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कांवरियों को बैरिकेडिंग में अधिक समय तक न रोका जाए. कतार अधिक देर तक रोकने से पीछे भीड़ का दबाव बढ़ सकता है और विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है. इसलिए श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने पर विशेष जोर दिया गया है.
अधिकारियों ने किया कांवरिया पथ का निरीक्षण
इधर, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, नगर आयुक्त सहित कई अधिकारियों ने कांवरिया पथ का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं.
यह भी पढे़ं: बोरे में बंद कर बच्ची को फेंक गये घरवाले, गोद लेने को लगी होड़, नवजात की मौत
