Transformer Theft: मुजफ्फरपुर जिले के गरहां थाना क्षेत्र में चोरों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है. रामपुर जयपाल पंचायत के सिंघैला चौर में अज्ञात चोरों ने बिजली विभाग की संपत्ति को निशाना बनाते हुए 25 केवीए का ट्रांसफॉर्मर चोरी कर लिया है. इस बड़ी चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
Muzaffarpur news: कृषि कार्य के लिए ठप हुई बिजली आपूर्ति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंघैला चौर में 33 केवी के तीन पोल के समीप यह 25 केवीए का ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया था. इसी ट्रांसफॉर्मर के माध्यम से आसपास के करीब आठ ग्रामीणों को उनके कृषि कार्य और खेतों की सिंचाई के लिए बिजली की आपूर्ति की जा रही थी. 15 सितंबर 2026 की रात अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने इस ट्रांसफॉर्मर को चोरी कर लिया. सुबह खेत पहुंचने पर ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद कृषि कार्य के लिए बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है.
बिजली विभाग को 73,750 रुपये की क्षति
घटना की भनक लगते ही 16 सितंबर की सुबह ग्रामीणों ने तुरंत कनीय विद्युत अभियंता (जेई) राम शंकर सिंह को फोन पर इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही जेई ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और घटना की पुष्टि की. बिजली विभाग द्वारा थाने में दिए गए आवेदन में बताया गया है कि ट्रांसफॉर्मर चोरी होने से नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को लगभग 73,750 रुपये की आर्थिक क्षति हुई है. आवेदन के साथ साक्ष्य के तौर पर घटनास्थल की वीडियोग्राफी और तस्वीरें भी संलग्न की गई हैं.
एफआईआर दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में गरहां थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि बिजली विभाग के जेई की ओर से ट्रांसफॉर्मर चोरी की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है. आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और चोरी गए सरकारी ट्रांसफॉर्मर की बरामदगी तथा चोरों की पहचान के लिए तकनीकी व मानवीय सूत्रों की मदद ली जा रही है.
यह भी पढ़ें... 1.8 लाख फुटफॉल संभालने को तैयार होगा वर्ल्ड क्लास स्टेशन, तीन गुणा तक बढ़ेगी क्षमता
