:मुजफ्फरपुर छिनतई कांड: शहर में पुलिस गश्ती और प्रमुख चौराहों पर लगे हाईटेक सीसीटीवी कैमरों को ठेंगा दिखाते हुए शातिर झपटमार लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. सिकंदरपुर और अहियापुर थाना क्षेत्रों में बाइक व स्कूटी सवार उचक्कों ने दो महिलाओं को निशाना बनाकर लाखों के सोने के आभूषण झपट लिए. दोनों घटनाओं के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान में जुट गई है.
ई-रिक्शा सवार महिला से 30 ग्राम सोने का मंगलसूत्र और ढोलना झपटा
पहला मामला सिकंदरपुर थाना क्षेत्र का है. पीड़िता मुनचुन गुप्ता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि वह ई-रिक्शा पर सवार होकर बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रही थीं. इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार दो अज्ञात बदमाश अचानक पास पहुंचे. जब तक महिला कुछ समझ पाती, तब तक पीछे बैठे बदमाश ने उनके गले पर जोरदार झपट्टा मारकर 30 ग्राम सोने का मंगलसूत्र और ढोलना छीन लिया. छीने गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने पीड़िता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
अहियापुर में रात के अंधेरे में सोने की चेन छीनी:
- घटनास्थल: अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जय प्रकाश नगर, पुरानी मोतिहारी रोड.
- वारदात का समय: रात करीब 9 बजे महिला मोहल्ले के रास्ते से पैदल जा रही थीं.
- अपराध का तरीका: पैदल आए एक बदमाश ने पीछे से गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन नोच ली.
- फरार होने का तरीका: चेन छीनकर बदमाश पहले से स्टार्ट बाइक पर सवार साथी के साथ बैरिया की ओर फरार हो गया.
चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग बदमाशों के पीछे दौड़े, लेकिन वे तेजी से भागने में सफल रहे. पुलिस दोनों मामलों में संदिग्धों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें; मोतीपुर चीनी मिल चालू करने की कवायद तेज, 51 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण, 215 एकड़ भूमि की रिपोर्ट गन्ना विभाग को सौंपी
