Jewellery Shop Theft: मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र स्थित सरफुद्दीनपुर बाजार में बदमाशों ने ग्राहक बनकर एक ज्वेलरी दुकान से करीब 6 लाख रुपये मूल्य की सोने की 15 अंगूठियां पार कर दीं . पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है .
Muzaffarpur Crime: ग्राहक बनकर पहुंचे थे शातिर बदमाश
गोपालपुर स्थित मंजू ज्वेलर्स के संचालक अजय साह गुरुवार शाम करीब 5 बजे अपनी दुकान पर मौजूद थे . इसी दौरान दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए . दोनों ने सोने के आभूषण खरीदने की बात कहते हुए अलग-अलग डिजाइन दिखाने को कहा . दुकानदार का भरोसा जीतने के लिए बदमाशों ने 1000 रुपये एडवांस भी दिए .
Gold Theft Muzaffarpur: नजर बचाकर पार की 15 सोने की अंगूठियां
बातचीत के दौरान मौका मिलते ही दोनों शातिर बदमाशों ने दुकान में रखी करीब 40 ग्राम वजन की 15 सोने की अंगूठियां गायब कर दीं . इसके बाद बिना कोई गहना खरीदे दोनों आराम से दुकान से निकल गए . वारदात के वक्त दुकानदार को चोरी होने का जरा भी अंदेशा नहीं हुआ .
Fake Customer Gold Robbery: रात में सीसीटीवी देखने पर हुआ खुलासा
रात करीब 9 बजे जब संचालक का पुत्र दुकान बंद करने पहुंचा और रूटीन के तहत सीसीटीवी फुटेज देखी, तो युवकों की संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं . जब गहनों का मिलान किया गया तो 15 सोने की अंगूठियां गायब मिलीं . चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये है .
CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी तुरंत बोचहां थाने की पुलिस को दी गई . सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू की . थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस अपने स्तर से मामले की पड़ताल कर रही है और फुटेज के आधार पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है
