मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर-सकरा मार्ग पर बस में शिक्षिका बेबी कुमारी के बैग से 60 हजार रुपये चोरी होने के मामले में सदर थाना पुलिस ने जांच तेज कर दी है. पीआर बाउंड पर छोड़े गये बस चालक राकेश कुमार चौधरी और कंडक्टर रंजीत कुमार सिंह से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी खलासी की पहचान कर ली है.
आरोपी खलासी की गिरफ्तारी को छापेमारी तेज
पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी खलासी की गिरफ्तारी और चोरी गयी रकम की बरामदगी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि बस चालक और कंडक्टर के बयानों का सत्यापन किया जा रहा है. बस स्टैंड और रूट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. इसके जरिए खलासी के भागने की दिशा का पता लगाने और पूरी घटना की कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
तीज की खरीदारी के लिए जोड़े थे रुपये
उधर, पीड़ित शिक्षिका बेबी कुमारी ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द उनकी राशि बरामद कराने की गुहार लगायी है. उन्होंने बताया कि तीज और आगामी त्योहारों की खरीदारी के लिए पाई-पाई जोड़कर रुपये रखे गये थे, जिसे खलासी लेकर फरार हो गया.
जल्द गिरफ्तारी का पुलिस का दावा
पुलिस चोरी गयी रकम की बरामदगी के साथ आरोपी खलासी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा.
यह भी पढ़ें
सिकंदरपुर में बाइकर्स गैंग का दुस्साहस, टहलकर लौट रही बुजुर्ग महिला के गले से झपटी सोने की चेन
