मुजफ्फरपुर: धूप में इंतजार करती रहीं खेल मंत्री, बंद मिला स्वीमिंग पूल का गेट

मुजफ्फरपुर के पंडित नेहरू स्टेडियम निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को बंद स्वीमिंग पूल और खराब व्यवस्था का सामना करना पड़ा. मंत्री ने अधिकारियों और केयरटेकर को जमकर फटकार लगाई. पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह मंगलवार को सिकंदरपुर स्थित पंडित नेहरू स्टेडियम के निरीक्षण के लिए पहुंचीं, लेकिन स्मार्ट सिटी के तहत बन रहे स्वीमिंग पूल का गेट बंद मिला.

मंत्री करीब दस मिनट तक तेज धूप में खड़ी रहीं, बावजूद इसके स्मार्ट सिटी का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा.

स्मार्ट सिटी अधिकारियों पर नाराजगी

मंत्री ने जब जिला खेल पदाधिकारी (डीएसओ) राजेंद्र कुमार से पूछा कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम की सूचना क्यों नहीं दी गई, तो उन्होंने बताया कि सूचना दी गई थी, लेकिन कोई अधिकारी नहीं पहुंचा.

डीएसओ ने यह भी कहा कि स्मार्ट सिटी के अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते और अब तक परियोजना हैंडओवर नहीं हुई है.

निरीक्षण के दौरान स्टेडियम परिसर में बने बड़े ट्रांसपैरेंट शीशे के भवन के बारे में पूछने पर बताया गया कि इसका निर्माण भी स्मार्ट सिटी द्वारा कराया गया है. अव्यवस्था से नाराज मंत्री वहां से निकल गईं.

ट्रेडमिल पर जमी धूल देख लगाई फटकार

निरीक्षण के क्रम में मंत्री सबसे पहले खेल भवन पहुंचीं. वहां जिम में ट्रेडमिल पर चढ़कर उसे स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन मशीन एक बार में चालू नहीं हुई और लगातार आवाज करती रही.

इस पर मंत्री ने वहां मौजूद केयरटेकर से कारण पूछा और मशीन पर जमी धूल देखकर नाराजगी जताई.

उन्होंने डीएसओ राजेंद्र कुमार को भी फटकार लगाते हुए कहा कि जब मंत्री का दौरा पूर्व निर्धारित था, तब यह स्थिति है तो सामान्य दिनों में क्या हाल रहता होगा.

मंत्री ने कहा कि केयरटेकर को वेतन दिया जाता है, इसलिए जवाबदेही तय होनी चाहिए. सफाई नहीं रहने से उपकरण खराब हो जाएंगे.

बाथरूम और पेयजल व्यवस्था पर भी नाराजगी

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बाथरूम में गंदगी देखकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए. साथ ही खिलाड़ियों के लिए बेहतर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.

वेटलिफ्टिंग मशीन सही तरीके से नहीं लगी होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और उसे तुरंत दुरुस्त करने का निर्देश दिया.

खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

निरीक्षण के बाद मंत्री श्रेयसी सिंह स्टेडियम के फर्स्ट फ्लोर पर पहुंचीं, जहां वुशू सहित अन्य खिलाड़ियों ने उनका स्वागत किया और युद्ध कला का प्रदर्शन किया.

मंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह खुद भी शूटिंग खिलाड़ी रही हैं. हर खिलाड़ी का सपना ओलंपिक पदक या विश्व चैंपियन बनना होना चाहिए.

उन्होंने कहा कि मेहनत से कभी संतुष्ट नहीं होना चाहिए. उदाहरण देते हुए कहा कि नीरज चोपड़ा ने एक मेडल जीतने के बाद मेहनत करना नहीं छोड़ा.

उन्होंने कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. “मेडल लाओ-नौकरी पाओ” योजना के तहत इस सेंटर के कई खिलाड़ियों को नौकरी मिल चुकी है.

हार से सीखने की दी सलाह

मंत्री ने खिलाड़ियों से कहा कि हार से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए. उन्होंने बताया कि जब वह ओलंपिक खेलकर लौटी थीं तो नरेंद्र मोदी ने उनसे पूछा था कि क्या जीतकर आई हैं.

उन्होंने जवाब दिया था कि वह जीत नहीं पाईं. इस पर प्रधानमंत्री ने कहा था कि “आप हारी नहीं हैं, बल्कि हार से सीखकर आई हैं.”

इसके बाद मंत्री ने खिलाड़ियों के साथ फोटो खिंचवाई और उनका हौसला बढ़ाया.

खेल संघों के विवाद पर भी बोलीं मंत्री

खेल संघों के विवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह खेल संघों का आपसी मामला है. इसे सुलझाने का काम ओलंपिक संघ और राज्य संघ का है.

उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.

निरीक्षण के दौरान नगर विधायक रंजन कुमार, भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष विवेक कुमार, वार्ड पार्षद केपी पप्पू, पूर्व मेयर सुरेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, कोच और खिलाड़ी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >