Aurai Waterlogging Problem: औराई प्रखंड की आलमपुर सीमरी पंचायत अंतर्गत ससौली गांव को जाने वाली मुख्य सड़क पर नाला निर्माण न होने से ग्रामीणों का आवागमन दुश्वार हो गया है. यह ग्रामीण सड़क दो पंचायतों की लगभग 25 हजार की आबादी को आपस में जोड़ती है. सड़क पर सालों भर जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को आवेदन सौंपकर नाला निर्माण कराने की मांग की है.
25 हजार आबादी प्रभावित, आंदोलन की दी चेतावनी
स्थानीय सरपंच प्रतिनिधि शहबाज आलम व समाजसेवी मो. हजारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बीडीओ को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपा.
- सालों भर जलजमाव: ग्रामीणों ने बताया कि गांव की मुख्य सड़क पर वर्ष में कम से कम 6 महीने पानी जमा रहता है.
- हादसे की आशंका: जलजमाव के कारण आए दिन दर्जनों राहगीर और वाहन चालक सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं.
- आंदोलन की चेतावनी: समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है.
बीडीओ ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
मामले में संज्ञान लेते हुए बीडीओ रजनीश शंकर झा ने बताया कि ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हुआ है. जल्द ही स्थल का निरीक्षण कर जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने का सार्थक प्रयास किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण मामले में पॉक्सो कोर्ट ने राजा कुमार को ठहराया दोषी, 24 को सजा
