बिछावन पर से खून से लथपथ शव बरामद सीएससी चलाता था युवक, घटना के बाद से मोबाइल गायब प्रतिनिधि, बंदरासिमरा पंचायत की सरपंच सुमन देवी के देवर हरिनारायण राय उर्फ रमन की मौत शनिवार की देर रात संदेहास्पद स्थिति में हो गयी. रविवार की सुबह खून से लथपथ शव उनके बिछावन पर पड़ा हुआ मिला. सिर के पीछे गहरा जख्म होने से आशंका है कि उसके पीछे से हमला किया गया हो. बताया गया कि युवक घर से करीब दो किलोमीटर दूर सिमरा चौक पर सीएससी केंद्र चलाता था. घटना के बाद से उसका मोबाइल भी गायब है. परिजनों के मुताबिक, रात करीब 12 बजे तक वह अपने बिछावन पर किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था. करीब साढ़े चार बजे सुबह में खून से लथपथ शव बिछावन पर देख परिजनों ने शोर मचाया. इसके बाद लोगों की भीड़ जुट गयी़ पियर थानाध्यक्ष पंकज यादव शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. दोपहर में एसडीपीओ पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से मामले की जानकारी ली. डॉग स्क्वायड मृतक के घर के आसपास घूमकर वापस हो गया. एफएसएल की टीम चौकी पर लगे खून को एकत्र कर अपने साथ ले गयी. थानाध्यक्ष पंकज यादव ने बताया कि सरपंच के देवर की संदिग्ध अवस्था में मौत हो जाने की सूचना मिली थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारण का स्पष्ट पता चलेगा. पुलिस अलग अलग विभिन्न विन्दुओं पर गहनता पूर्वक जांच कर रही है. मृतक के बड़े भाई शिक्षक श्रीनारायण राय ने बताया कि रात में करीब साढ़े 10 बजे वह सोने चले गये थे. सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलते समय देखा कि रमन दरवाजे पर चौकी पर सोया हुआ है. दो बार उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर जब नजदीक में गया तो देखा कि खून से लथपथ मृत पड़ा हुआ है. इसके बाद घर के लोगों को बुलाया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
