Sahyog Shivir News: मुजफ्फरपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से बुधवार को एक बड़ा प्रशासनिक अभियान चलाया जा रहा है. जिला प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों की 47 पंचायतों में 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया जा रहा है. इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना और उनकी स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करना है.
कई प्रमुख विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद
आयोजित होने वाले इन सहयोग शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण (आपूर्ति) तथा पंचायती राज समेत कई महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी और कर्मचारी प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहेंगे. ये अधिकारी ग्रामीणों से सीधे आवेदन प्राप्त कर राशन कार्ड, पेंशन, दाखिल-खारिज और विकास योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान करेंगे.
इन प्रमुख प्रखंडों की पंचायतों में लगेंगे शिविर
जिला प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, बंदरा (रामपुर दयाल, सुंदरपुर रतवारा), गायघाट (बखरी, जारंग पूर्वी, लक्ष्मण नगर), कुढ़नी (फकुली, बंगरा बंशीधर, जगरनाथपुर, किशनपुर मधुबन), मीनापुर, मोतीपुर, मुशहरी, कांटी, पारू, साहेबगंज, सरैया, बोचहां, औराई, मड़वन, कटरा और सकरा प्रखंड की चिन्हित 47 पंचायतों में शिविर का आयोजन किया जा रहा है.
जिला प्रशासन की ग्रामीणों से अपील
जिला प्रशासन ने संबंधित सभी 47 पंचायतों के निवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन सहयोग शिविरों में पहुंचे. नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में भाग लें.
