Sahebganj News: साहेबगंज थाना क्षेत्र के वार्ड-3 स्थित ब्लॉक गेट माई स्थान के पास मंगलवार की दोपहर आपसी रंजिश में दादा और पोती की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. मृतकों की पहचान 60 वर्षीय भोला मियां और उनकी नौ वर्षीय पोती अनब खातून के रूप में हुई है. घटना में भोला मियां के पुत्र मो. शमीम भी गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी.
घर में सो रहे थे दादा-पोती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोला मियां और उनकी पोती अनब खातून मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे घर के एक कमरे में सो रहे थे. इसी दौरान साहेबगंज थाना रोड निवासी अलताब आलम (27) कथित तौर पर घर में घुस गया और दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया.
हमले में भोला मियां की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं गंभीर रूप से घायल अनब खातून को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी.
बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे पर भी हमला
घटना के दौरान शोर सुनकर भोला मियां के पुत्र मो. शमीम (35) बीच-बचाव करने पहुंचे. आरोप है कि हमलावर ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये.
हमले के दौरान आरोपित अलताब आलम के भी घायल होने की जानकारी सामने आयी है. दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है.
आपसी रंजिश में हत्या की बात सामने आयी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे आपसी रंजिश बतायी जा रही है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हमले के कारणों के साथ अन्य पहलुओं की जानकारी जुटायी जा रही है.
यह भी पढ़ें: बीआरए बिहार विवि ने जारी किया बीएड का रिजल्ट, 5768 स्टूडेंट्स प्रथम श्रेणी से पास
