लापरवाही: कथित झोलाछाप डॉक्टर ने किया घाव का ऑपरेशन, मासूम की मौत

मुजफ्फरपुर के मनियारी में कथित झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली. घाव के ऑपरेशन के बाद बच्चे की हालत बिगड़ी और एसकेएमसीएच में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग.

Muzaffarpur News: जिले के मनियारी थाना क्षेत्र में कथित झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से एक मासूम की मौत का मामला सामने आया है. परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक में बच्चे के घाव का ऑपरेशन करने के बाद उसे घर भेज दिया गया. कुछ ही देर बाद घाव से तेज खून बहने लगा. गंभीर हालत में बच्चे को एसकेएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और ग्रामीणों में आक्रोश है.

परिजनों के अनुसार, मनियारी थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद इमरान और गजपती खातून अपने बच्चे के शरीर पर हुए एक घाव का इलाज कराने के लिए मनियारी स्थित एक निजी क्लीनिक पहुंचे थे. आरोप है कि वहां मौजूद कथित डॉक्टर ने बिना पर्याप्त विशेषज्ञता के बच्चे के घाव का ऑपरेशन कर दिया और कुछ देर बाद उसे घर भेज दिया.

घर पहुंचते ही बिगड़ी हालत

परिजनों का कहना है कि घर लौटने के कुछ ही देर बाद बच्चे के घाव से लगातार तेज खून बहने लगा. बच्चे की हालत तेजी से बिगड़ने लगी तो घबराए परिजन उसे दोबारा उसी क्लीनिक पर लेकर पहुंचे.

बड़े अस्पताल भेजा, लेकिन नहीं बच सकी जान

आरोप है कि बच्चे की गंभीर स्थिति देखकर क्लीनिक संचालक ने हाथ खड़े कर दिए और खून चढ़ाने की जरूरत बताते हुए किसी बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी. इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर तुरंत श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने कथित झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. वहीं घटना के बाद इलाके में भी लोगों में नाराजगी है और ऐसे क्लीनिकों की जांच की मांग उठ रही है.

यह भी पढे़ं: मुजफ्फरपुर गैस पाइपलाइन ब्लास्ट: प्रिंसिपल की जुबानी सुनिए कैसे हुआ हादसा और बेहोश हो गयीं स्कूली छात्राएं


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sumit Kumar

Published by: Janardan Pandey

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >