रक्सौल से कोलकाता वंदे भारत व अमृत भारत ट्रेन चलाने की तैयारी

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रेलवे स्टेशन रक्सौल से वंदे भारत व अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के चलाने की योजना है.

रेलवे ने ओवर हेड इक्विपमेंट (ओएचइ) में संशोधन के कार्य के लिए जारी किया टेंडर

वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रेलवे स्टेशन रक्सौल से वंदे भारत व अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के चलाने की योजना है. इस संबंध में रेलवे की कवायद तेज हो हो गयी है. डीआरएम विनय श्रीवास्तव द्वारा पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के माध्यम से पूर्व में रेलवे बोर्ड के साथ रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा था. अब इस प्रस्ताव को लेकर स्वीकृति मिलने की उम्मीद बढ़ गयी है.रक्सौल में वंदे भारत व अमृत भारत अत्याधुनिक ट्रेनों के सुचारु संचालन व रखरखाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे ने ओवर हेड इक्विपमेंट (ओएचइ) में संशोधन के कार्य के लिए करीब 65 लाख का टेंडर जारी किया है. रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह टेंडर रक्सौल में ट्रेनों के रखरखाव शेड व पिटलाइनों के पास बिजली ओवरहेड लाइनों में जरूरी बदलाव व अपग्रेड के लिए है. वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें उच्च गति पर चलती हैं और इन्हें विशेष बिजली आपूर्ति तथा रखरखाव सुविधाओं की आवश्यकता होती है. ओएचइ में संशोधन से ये ट्रेनें रक्सौल में सुरक्षित व प्रभावी ढंग से सर्विस की जा सकेगी. इसके साथ सहरसा में भी अत्याधुनिक वाशिंग पिट बनाने की तैयारी चल रही. टेंडर को लेकर रेलवे के आधिकारिक बेवसाइट पर पूरी जानकारी शेयर की गयी है.

रक्सौल स्टेशन रख-रखाव हब के रूप में होगा विकसित

यह पहल रक्सौल रेलवे स्टेशन के अहम रखरखाव हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है. टेंडर से बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जायेगा, जो इन प्रीमियम ट्रेनों के संचालन में अहम भूमिका निभायेगा. रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इन सुविधाओं के विकसित होने से रक्सौल से खुलने वाली या गुजरने वाली वंदे भारत व अमृत भारत ट्रेनों की विश्वसनीयता व उपलब्धता में सुधार होगा. वहीं क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा देगा.

मुजफ्फरपुर में भी अपग्रेड करने की योजना

मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भी इन आधुनिक ट्रेनों की सुविधाओं के लिए ओएचइ संशोधन का टेंडर पहले ही जारी हो चुका है. ऐसे में भविष्य में भारतीय रेलवे उत्तर बिहार में हाइ-स्पीड व सेमी-हाइ-स्पीड ट्रेनों के संचालन के लिए आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए काम कर रही है. गति शक्ति योजना के तहत बने दूसरे वाशिंग पिट को मुख्य रूप से वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों के रखरखाव के लिए तैयार किया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: LALITANSOO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >