वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर
सर्दी पूरी तरह से समाप्त हो गई है और दूसरी ओर प्री-माॅनसून की शुरूआत हो चुकी है. साथ ही मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. रविवार को सुबह से तेज चटक धूप के साथ तेज पछुआ हवा का भी सामना करना पड़ा. काफी दिनों बाद 11 किमी. की रफ्तार से पछुआ हवा चली. वहीं पहली बार दिन का तापमान 31 डिग्री के करीब पहुंच गया. मौसम विभाग के रिकॉर्ड के तहत दिन में सामान्य से तीन डिग्री अधिक तापमान रहा. न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मार्च के शुरूआत में ही मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई. धीरे-धीरे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज किया जा रहा है. दिन में तेज धूप निकलने की वजह से लोगों को हल्की गर्मी का अहसास भी अब होने लगा है. पिछले दो दिनों से अधिकतर इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रहा.मार्च में सामान्य से अधिक रहेगा तापमान
मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक के अनुसार प्री-माॅनसून अभी कुछ दिनों तक सक्रिय रहेगा. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, मार्च में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा और मार्च मध्य में दक्षिण-पश्चिम बिहार जिलों में एक या दो दिनों तक हीट वेव चलने की संभावना है. मार्च के महीने में सामान्य बारिश होने की भी संभावना है. बारिश के साथ कहीं-कहीं ठनका भी गिर सकता है. हीट वेव के कारण अप्रैल में भी तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा, जिससे अधिक गर्मी पड़ेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
