मुजफ्फरपुर सोलर कैंप: शहर में प्रधानमंत्री 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के व्यापक प्रचार-प्रसार और उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर से आच्छादित करने के उद्देश्य से 20 सितंबर (रविवार) को एक दर्जन से अधिक स्थानों पर विशेष टोला कैंपों का आयोजन किया गया. यह कैंप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित हुआ. दोपहर बाद अचानक शुरू हुई बारिश के कारण कुछ समय के लिए बाधा उत्पन्न हुई, इसके बावजूद उपभोक्ताओं में योजना को लेकर भारी उत्साह देखा गया. कैंपों में कुल 160 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निबंधन किया गया. वहीं अधिकृत वेंडर एजेंसी द्वारा दस्तावेजों की प्राथमिक जांच के बाद तत्काल 100 आवेदनों को ऑन-द-स्पॉट स्वीकृति प्रदान कर दी गई.
250 यूनिट से अधिक खपत वालों को बताया गया गणित
प्रत्येक कैंप में संबंधित विद्युत सेक्शन के कनीय अभियंता (जेई) और सहायक विद्युत अभियंता (एईई) स्वयं मौजूद रहे. अधिकारियों ने विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं को जागरूक किया, जिनकी मासिक बिजली खपत 250 यूनिट या उससे अधिक है. उन्हें बताया गया कि छत पर सोलर पैनल लगाने से उनका मासिक बिजली बिल न केवल न्यूनतम बल्कि शून्य तक भी पहुंच सकता है. शहरी वन डिवीजन के कार्यपालक अभियंता विजय कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. जन-जागरूकता के लिए शहर भर में 5 हजार से अधिक पैंपलेट भी वितरित किए गए.
रूफटॉप सोलर पर कुल 98,000 रुपये तक की भारी सब्सिडी
कैंप में विद्युत विभाग के तकनीकी कर्मियों ने उपभोक्ताओं को वित्तीय लाभ और अनुदान के ढांचे से अवगत कराया:
- केंद्र सरकार का अंशदान: रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने पर केंद्र सरकार की ओर से अधिकतम 78,000 रुपये तक का सीधा अनुदान देय है.
- बिहार सरकार की सहायता: राज्य सरकार द्वारा योजना के तहत 20,000 रुपये तक की अतिरिक्त सब्सिडी का प्रावधान किया गया है.
- कुल सब्सिडी लाभ: दोनों मदों को मिलाकर पात्र उपभोक्ता को कुल 98,000 रुपये तक की भारी वित्तीय छूट मिल रही है.
शहर के इन प्रमुख स्थलों पर लगाए गए थे कैंप
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए शहर व आसपास के प्रमुख चिन्हित स्थानों पर काउंटर खोले गए थे:
- मध्य व उत्तरी क्षेत्र: मारीपुर (आजाद कॉलोनी), अघोरिया बाजार (पड़ाव पोखर), सरैयागंज (नगर निगम कार्यालय), सिकंदरपुर (एफसीआई गोदाम रोड), कल्याणी (साहू रोड) और मिस्कॉट (खादी भंडार).
- पूर्वी व दक्षिणी क्षेत्र: चंदवारा (माली घाट चौक), एमआईटी (दाउदपुर कोठी), रामदयालु (सिद्धार्थ नगर व रघुवंश नगर), भगवानपुर (बीबीगंज) और बेला (धीरन पट्टी).
- उपनगरीय क्षेत्र: एसकेएमसीएच (डॉक्टर्स कॉलोनी), बैरिया (अयाची ग्राम), बोचहां (प्रखंड परिसर) तथा झपहां (भिखनपुर).
ये भी पढ़ें: बैंकों में 28 सितंबर से 5 दिनों तक ठप रह सकता है कामकाज, 25 तक निपटा लें जरूरी वित्तीय काम
