PM Modi 25 years public life: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' आयोजित किया जाएगा. इस संबंध में आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद राधा मोहन सिंह ने यह महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से शुरू होने वाला यह एक महीने का अभियान समाज के हर वर्ग को सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ेगा.
सत्ता को हमेशा माना जनसेवा का माध्यम
सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री पद तक के सफर में पीएम मोदी के लिए सत्ता हमेशा जनसेवा का एक सशक्त माध्यम रही है. उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अभूतपूर्व काम किया है. उनके नेतृत्व में देश के हर कोने तक विकास की किरणें पहुंची हैं और राष्ट्र का मान-सम्मान वैश्विक स्तर पर काफी बढ़ा है.
अभियान के तहत होंगे विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम
इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देश भर में कई प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. इनमें हर बूथ पर 'आशीर्वाद का दीया' प्रज्वलन, स्कूलों में 'सेवा चित्र' ड्रॉइंग व भाषण प्रतियोगिता और रंगोली के लिए 'सेवा के रंग' जैसे कार्यक्रम शामिल हैं. इसके अलावा 'सेवा स्मरण' संगीत-नाट्य प्रस्तुति, 'आंगन का मिलन' आंगनवाड़ी कार्यक्रम, 'कहानी बदलाव की' और पवित्र जल के साथ 'वडनगर-वाराणसी यात्रा' का भी आयोजन किया जाएगा.
समाज के हर वर्ग को जोड़ने की पहल
भाजपा का यह 'सेवा संकल्प अभियान' समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास और सेवा की मुख्यधारा से जोड़ने का एक बड़ा माध्यम बनेगा. पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा इस एक महीने के दौरान जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और जनसेवा के कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा. इस अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है.
यह भी पढ़ें... 6576 लंबित चालानों का हुआ सफल निपटारा, मिले 50.50 लाख रुपये राजस्व
