पताही हवाई अड्डे पर एक-दो हफ्ते में शुरू होगा काम, छोटे विमानों से शुरू होगी सेवा, टेंडर फाइनल

Patahi Airport: पताही हवाई अड्डे के निर्माण का काम जल्द शुरू होने जा रहा है. 43 करोड़ रुपये की लागत से इसका विकास होगा और छोटे विमानों की सेवा शुरू की जाएगी. मुजफ्फरपुर में उद्योग लगाने के लिए कई कंपनियों ने रुचि दिखाई है. इससे इलाके के विकास को गति मिलेगी.

Patahi Airport: पताही हवाई अड्डे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. यहां हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में काम तेज हो गया है. केंद्रीय मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने बताया कि जल्द ही इस हवाई अड्डे से छोटे विमानों का संचालन शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में उनकी मुलाकात राममोहन नायडू से हुई थी. इस दौरान पताही हवाई अड्डे के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निर्माण और मरम्मत से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएं.

जल्द शुरू होगा काम

राजभूषण चौधरी ने बताया कि पताही हवाई अड्डे का ठेका पहले ही तय हो चुका है. मार्च में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के दफ्तर में इसकी प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी. वही एजेंसी इस काम को करेगी. इसने पूर्णिया में भी हवाई अड्डे का निर्माण किया है. अब जल्द ही जमीन पर काम शुरू होने की तैयारी है.

मंत्री ने कहा कि एक दो हफ्ते में निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो जाएगा. करीब 43 करोड़ रुपये की लागत से इस हवाई अड्डे का विकास किया जाएगा. इसमें हवाई पट्टी, टैक्सी मार्ग, पार्किंग और कार्यालय भवन जैसे कई काम किए जाएंगे. इसके अलावा यहां एक ट्रेनिंग सेंटर खोलने की भी योजना है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

निवेशक उत्साहित

दूसरी ओर हैदराबाद में आयोजित निवेशकों की बैठक में भी जिले को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं. मंत्री ने बताया कि कई कंपनियों ने मुजफ्फरपुर में उद्योग लगाने में रुचि दिखाई है. बियाडा और कृषि विभाग के अधिकारियों ने वहां जिले में क्या-क्या संभावना है, इस बारे में बताया.

बताया जा रहा है कि हैदराबाद और विदेश के कुछ निवेशक भी यहां निवेश को लेकर उत्साहित हैं. एक रूसी बिजनेसमैन ने भी मुजफ्फरपुर में उद्योग लगाने में रुचि दिखाई है. खेल मैदान, अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और उद्योग के क्षेत्र में काम करने को लेकर कंपनियां आगे आई हैं. जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: CM बन गए सम्राट चौधरी, पर समझ नहीं आया महिला आरक्षण बिल और परिसीमन- तेजस्वी यादव

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >