ट्रेन में खाने की टेंशन खत्म! AI रखेगा किचन पर नजर, गंदगी मिली तो तुरंत होगी कार्रवाई

भारतीय रेलवे ट्रेनों और बेस किचन में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की निगरानी के लिए AI और हाई-टेक कैमरों का इस्तेमाल करने जा रहा है. यह नई व्यवस्था खाने में गंदगी या चूहे-कॉकरोच दिखने पर तुरंत अलर्ट जारी करेगी, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन मिल सकेगा.

Muzaffarpur News: लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए खान-पान से जुड़ी अच्छी खबर है. भारतीय रेलवे अब ट्रेनों और बेस किचन में तैयार होने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने जा रहा है. रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीइओ सतीश कुमार ने आइआरसीटीसी वॉर रूम की समीक्षा के दौरान AI आधारित तकनीक और हाईटेक कैमरों के इस्तेमाल से खान-पान सेवाओं की निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है. रेल मदद एप पर खाने से जुड़ी शिकायतों की भी निगरानी की जाएगी.

Railway Food News: AI और कैमरों से होगी किचन की निगरानी

रेलवे की खान-पान व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ाने की तैयारी है. बेस किचन और पेंट्रीकार की मॉनिटरिंग को लाइव कैमरों से जोड़ा जा रहा है. पहले से उपलब्ध कैमरा फीड के अलावा कच्चे माल के स्टोरेज एरिया में अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएंगे.

इसके साथ ही विशेष पीटीजेड (पैन-टिल्ट-जूम) कैमरा भी लगाया जाएगा. इससे भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, सफाई व्यवस्था और रोटी-पराठे की गुणवत्ता पर दूर बैठे अधिकारी भी नजर रख सकेंगे.

चूहे-कॉकरोच दिखे तो तुरंत मिलेगा अलर्ट

खान-पान व्यवस्था में साफ-सफाई को लेकर AI आधारित सतर्कता प्रणाली लागू करने की तैयारी है. पेंट्रीकार या बेस किचन में चूहे, कॉकरोच अथवा अन्य गंदगी दिखाई देने पर सिस्टम अलर्ट जारी करेगा.

कमियां सामने आने के बाद संबंधित एजेंसी को चेतावनी पत्र जारी करने के साथ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. इससे रेलवे की खान-पान सेवाओं में लापरवाही पर शिकंजा कसने की उम्मीद है.

रेल मदद एप की शिकायतों पर भी रहेगी नजर

यात्रियों की ओर से खाने की गुणवत्ता को लेकर रेल मदद एप पर दर्ज शिकायतों की भी निगरानी की जाएगी. शिकायतों के आधार पर संबंधित सेवा की जांच और समाधान की प्रक्रिया को तेज करने का प्रयास होगा.

इस व्यवस्था से यात्रियों की शिकायतों को सिर्फ दर्ज करने के बजाय उन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा.

समस्तीपुर मंडल की दो दर्जन ट्रेनों को फायदा

रेलवे की इस नई व्यवस्था का लाभ समस्तीपुर मंडल से गुजरने वाली लंबी दूरी की करीब दो दर्जन ट्रेनों के यात्रियों को मिलने की उम्मीद है. मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, रक्सौल, सहरसा, बेतिया और बापूधाम मोतिहारी जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों में पेंट्रीकार और ट्रेन साइड वेंडिंग की सुविधा उपलब्ध है.

AI और अतिरिक्त कैमरों की निगरानी से इन ट्रेनों में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई बेहतर करने की कोशिश होगी.

खाने की गुणवत्ता पर रेलवे का सख्त रुख

रेलवे बोर्ड की पहल से खान-पान सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है. किचन से लेकर पेंट्रीकार तक की गतिविधियों पर तकनीकी निगरानी होने से गड़बड़ी सामने आने पर कार्रवाई करना आसान होगा.

यात्रियों के लिए इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर रेलवे की निगरानी व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सक्रिय हो सकेगी.

यह भी पढ़ें: नेपाल बाढ़ का कहर: सड़क संपर्क टूटा, दूसरे दिन भी हेलीकॉप्टर से युद्धस्तर पर राहत-बचाव अभियान जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललितांशु

ललितांशु, पत्रकारिता के क्षेत्र में बीते 16 वर्षों से सक्रिय ललितांशु के लिए 'पॉजिटिव खबरों' को चुनना और उन्हें समाज के सामने लाना प्राथमिकता और जुनून रहा है. रेल और सोशल मीडिया से जुड़ी खबरों से इनका अधिक जुड़ाव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >