मुजफ्फरपुर: जिले में एक ट्रक चालक को कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने का मामला सामने आया है. पीड़ित चालक उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के गुरबक्स गंज थाना क्षेत्र स्थित पूरे त्रिवेदी गांव निवासी जितेंद्र कुमार है. आरोप है कि एक शातिर ने ट्रांसपोर्टर बनकर चालक को मक्का लोड करने का झांसा दिया और फिर नशीली फ्रूटी पिलाकर उसके पास से 17 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन ले लिये.
ट्रांसपोर्टर बनकर चालक को किया फोन
मिली जानकारी के अनुसार, जितेंद्र कुमार तीन दिन पहले हरियाणा के झज्जर से अलकतरा लदा ट्रक लेकर बिहार आया था. बीबीगंज में ट्रक खाली करने के बाद उसने मझौलिया में गाड़ी पार्क कर रखी थी.
इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक कथित ट्रांसपोर्टर का फोन आया. फोन करने वाले ने बताया कि 30 टन मक्का लोड कराकर उत्तर प्रदेश के उन्नाव ले जाना है. इसके लिए चालक को रामदयालु स्थित मलंग स्थान के समीप बुलाया गया.
मक्का लोडिंग के नाम पर ट्रक में सवार हुआ युवक
रामदयालु पहुंचने पर एक युवक ट्रक में सवार हुआ. उसने मक्का लोडिंग की बात कहते हुए चालक को आगे चलने के लिए कहा. रास्ते में युवक ने जितेंद्र को फ्रूटी पीने के लिए दी.
आरोप है कि फ्रूटी में नशीला पदार्थ मिला हुआ था. इसे पीने के बाद जितेंद्र को नशा चढ़ने लगा. युवक ने चालक से कहा कि कुछ ही देर में मजदूर पहुंचेंगे और गोदाम से मक्का लोड कर दिया जायेगा.
बेहोश होते ही नकदी और मोबाइल लेकर फरार
नशे का असर बढ़ने के बाद चालक पूरी तरह बेहोश हो गया. आरोप है कि इसी दौरान युवक ने उसके पॉकेट से 17 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन निकाल लिये और मौके से फरार हो गया.
कुछ देर बाद चालक को हल्का होश आया. अर्धबेहोशी की हालत में ही उसने ट्रक आगे बढ़ा दिया.
अर्धबेहोशी में ट्रक चलाने से दूसरे वाहन से टक्कर
अर्धबेहोशी के कारण तुर्की थाना क्षेत्र में चालक का ट्रक आगे चल रहे एक अन्य वाहन से टकरा गया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को तुर्की थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
चालक की पूरी रात थाने में ही गुजरी. बुधवार को जब जितेंद्र को पूरी तरह होश आया, तो उसने पुलिस को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी.
परिजनों ने सदर थाना में दर्ज करायी शिकायत
घटना की जानकारी मिलने के बाद बुधवार को जितेंद्र के परिजन भी तुर्की थाना पहुंचे. इसके बाद परिजन चालक को लेकर सदर थाना पहुंचे, जहां घटना को लेकर लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी.
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की छानबीन में जुटी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चालक को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने की घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे.
यह भी पढ़ें
मखाना कारोबार का झांसा देकर फार्मा कर्मी से 1.60 लाख की लूट, मुख्य साजिशकर्ता राहुल गिरफ्तार
