Muzaffarpur News: बिहार पुलिस की विशेष कार्य बल (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करजा थाना क्षेत्र से दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी लंबे समय से विभिन्न मामलों में फरार चल रहे थे.
लूट और अवैध शराब तस्करी के मामलों में थे वांछित
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अभिषेक कुमार सहनी और पवन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, अभिषेक सरैया थाना क्षेत्र में दर्ज लूट और आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित था. वहीं पवन कुमार पर वैशाली जिले में अवैध शराब तस्करी का मामला दर्ज है.
गुप्त सूचना पर छापेमारी
एसटीएफ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दोनों को दबोचा. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 7000 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
