Muzaffarpur News: बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल राजा कुमार उर्फ राजा बाबू को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी शनिवार को सरैया थाना क्षेत्र के छितरी इलाके से की गई.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, राजा बाबू बासुचक, सरैया का रहने वाला है और लंबे समय से फरार चल रहा था. वह मुजफ्फरपुर पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था. STF को उसके छितरी इलाके में होने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर विशेष टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की और उसे दबोच लिया.
डकैती और हथियार मामले में दर्ज हैं गंभीर केस
राजा बाबू सदर थाना कांड संख्या 867/23 में वांछित था. उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 395 और 412 के तहत डकैती व लूटे गए सामान रखने के मामले दर्ज हैं. इसके अलावा 27 आर्म्स एक्ट के तहत अवैध हथियार रखने और इस्तेमाल करने के आरोप भी हैं.
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है. उसके गिरोह और अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
