3 महिला ब्लॉगर्स के गंभीर आरोपों के बाद SSB ने ASI को किया निलंबित, होटल पहुंची जांच टीम

तीन महिला इन्फ्लुएंसर्स द्वारा लगाए गए दुष्कर्म और ठगी के गंभीर आरोपों के बाद एसएसबी के एएसआई विकास कुमार को निलंबित कर दिया गया है. जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है. महिलाओं के बयानों में विरोधाभास सामने आया है, जबकि एएसआई ने भी शिकायत दर्ज कराई है.

मुजफ्फरपुर: दिल्ली और लखनऊ की तीन महिला इन्फ्लुएंसर्स की ओर से दुष्कर्म, ठगी और अश्लील हरकतों के लगाए गये गंभीर आरोपों के बीच एसएसबी के एएसआई विकास कुमार को निलंबित कर दिया गया है. एसएसबी सेक्टर मुख्यालय ने आरोप लगाने वाली महिलाओं के बयान दर्ज करने के बाद एएसआई के खिलाफ यह प्रशासनिक कार्रवाई की है. हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और जांच टीम को तीनों महिलाओं के अलग-अलग बयानों में कई बिंदुओं पर विरोधाभास भी मिला है.

निलंबन की अवधि में एएसआई विकास कुमार को सेक्टर मुख्यालय में ही रहने का निर्देश दिया गया है. वे 24 घंटे सक्षम अधिकारियों की निगरानी में रहेंगे. जांच पूरी होने तक उन्हें निजी आवास पर जाने की अनुमति नहीं होगी. विभागीय सूत्रों के अनुसार, जांच को प्रभावित होने से रोकने और डिजिटल साक्ष्य या गवाहों से छेड़छाड़ की आशंका को देखते हुए यह व्यवस्था की गयी है.

तीन सदस्यीय विशेष जांच कमेटी गठित

एएसआई पर लगे आरोपों की जांच के लिए एसएसबी ने तीन सदस्यीय विशेष जांच कमेटी गठित की है. गुरुवार को दिल्ली और लखनऊ से पहुंचीं तीन महिला ब्लॉगर्स ने कमेटी के समक्ष उपस्थित होकर अपने बयान और डिजिटल दस्तावेज दर्ज कराये थे.

जांच टीम के सामने तीनों महिलाओं के बयानों में कई बिंदुओं पर विरोधाभास सामने आया है. एसएसबी की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच जारी रखी जा रही है.

एक महिला ने अहियापुर थाने में दिया आवेदन

लखनऊ की एक महिला ने अहियापुर थाने में सनहा दर्ज करने को लेकर आवेदन दिया था. इस आवेदन के आधार पर अहियापुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

वहीं, दिल्ली की महिला ब्लॉगर ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए नगर थाने में ऑनलाइन आवेदन देने की बात कही थी. हालांकि, शुक्रवार देर शाम तक नगर थाने को ऐसा कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था. पुलिस के अनुसार, थाने से जुड़ी सभी वेबसाइट और पोर्टल की जांच की गयी, लेकिन फिलहाल कोई आवेदन नहीं मिला है.

होटल पहुंची SSB की टीम

दिल्ली की महिला द्वारा स्टेशन रोड स्थित होटल में दुष्कर्म के लगाये गये आरोप की पड़ताल के लिए शुक्रवार को एसएसबी की टीम होटल पहुंची और जांच की.

दूसरी ओर, आरोपी एएसआई विकास कुमार ने भी महिलाओं के खिलाफ साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी है.

एसएसबी के सेकेंड इन कमान रजनीश कुमार मोलर ने बताया कि एएसआई का बयान दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच जारी रहने तक किसी भी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.

महिला ने सोशल मीडिया पर बतायी अपनी आपबीती

दिल्ली की महिला ब्लॉगर ने एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को दिये बयान में गंभीर आरोप लगाये हैं. महिला के अनुसार, स्टेशन रोड स्थित होटल में एएसआई के स्टाफ ने उसे जबरन एक कमरे में रुकवाया था. उसने आरोप लगाया कि रात में उस पर एएसआई के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया गया.

महिला का दावा है कि उसके इनकार करने पर उसके मासूम बेटे की गर्दन मरोड़ दी गयी और उसके साथ दुष्कर्म किया गया. महिला के अनुसार, शुरुआत में शादी टूटने के डर से वह चुप रही, लेकिन बाद में उसने धीरे-धीरे अपने पति को पूरी आपबीती बतायी.

महिला ने बताया कि पति से हिम्मत मिलने के बाद उसने नगर थाने में ऑनलाइन शिकायत दी और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराया. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें

मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय लोक अदालत में 953 गाड़ियों के 3113 लंबित चालान निपटाये गये

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >