Muzaffarpur Ganja Smuggling: शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत सिकंदरपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1.94 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने अंबेडकर नगर में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गांजा, बिक्री के 7943 रुपये नकद, पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला रेपर, डिजिटल तराजू और बाट बरामद किये हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर निवासी चंदेश्वर सहनी के रूप में हुई है.
नगर एएसपी-1 सुरेश कुमार ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ लगातार छापेमारी और कार्रवाई का निर्देश दिया गया है. इसी क्रम में पुलिस को अंबेडकर नगर इलाके में गांजे की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी. इसके बाद सिकंदरपुर पुलिस की विशेष टीम गठित कर संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की गयी.
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बिक्री के लिए तैयार गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया और बंडल बरामद किये गये. इसके अलावा नकदी और गांजा पैक करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी पुलिस ने जब्त की.
छोटे-छोटे पैकेट बनाकर करता था बिक्री
एएसपी टाउन वन सुरेश कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले कुछ महीनों से गांजे के छोटे-छोटे पैकेट और पुड़िया तैयार कर इलाके में कथित तौर पर खुदरा बिक्री कर रहा था.
इस मामले में सिकंदरपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
डीआइयू प्रभारी अंजनी सिंह के नेतृत्व में पुलिस गिरफ्तार चंदेश्वर सहनी से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की आपूर्ति में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, गांजे की खेप कहां से लायी जाती थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाता था.
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है. अधिकारियों के अनुसार, पूरे नेटवर्क का पता लगाकर गांजा तस्करी के सिंडिकेट पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें
कोचिंग संचालक पर छात्रा को शादी का झांसा देने और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप
