Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर नगर निगम कर्मचारी संघ के नए नेतृत्व को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है. बिहार लोकल बॉडीज एम्प्लाइज फेडरेशन ने मुजफ्फरपुर नगर निगम कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में टैक्स शाखा प्रभारी रवि रंजन राज के चयन को विधिवत अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है. फेडरेशन के महामंत्री अशोक कुमार सिंह द्वारा इस संबंध में औपचारिक अनुमोदन पत्र जारी कर दिया गया है, जिसके बाद यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है.
सुशील कुमार ओझा के सेवानिवृत्त होने पर लिया गया फैसला
दरअसल, संघ के वर्तमान अध्यक्ष सुशील कुमार ओझा नगर निगम की अपनी सेवा से सेवानिवृत्त हो गए थे. इसके अलावा, वर्तमान में चल रही हड़ताल और प्रशासनिक गतिविधियों के बीच संगठन संचालन में कई व्यावहारिक कठिनाइयां आ रही थीं. इन परिस्थितियों को देखते हुए कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी. इस बैठक में संगठन के सदस्य गरीबनाथ भगत ने कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में रवि रंजन राज के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर अंतिम अनुमोदन के लिए स्टेट फेडरेशन को भेजा गया था.
कर्मचारियों के हितों की मजबूती से उठेगी आवाज
संस्थागत स्वीकृति देते हुए बिहार लोकल बॉडीज एम्प्लाइज फेडरेशन के महामंत्री अशोक कुमार सिंह ने उम्मीद जताई कि नए कार्यकारी अध्यक्ष रवि रंजन राज संघ के संविधान, नियमावली और फेडरेशन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कर्मचारियों की समस्याओं और हितों को पुरजोर तरीके से उठाएंगे. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नगर निकायों के कर्मचारियों की मांगों को शासन के समक्ष मजबूती से रखने के लिए एक सक्रिय और योग्य नेतृत्व की जरूरत थी. फेडरेशन ने रवि रंजन राज को इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी हैं.
