Muzaffarpur Road Accident: मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहरि थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-22 स्थित धर्मपुर पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया . तेज रफ्तार हाइवा और दो बाइकों की भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए .
Muzaffarpur Sitamarhi Highway Blocked: हाईवे पर आमने-सामने हुई दो बाइकों और हाइवा की भिड़ंत
जानकारी के मुताबिक, हाइवा मुजफ्फरपुर की तरफ जा रहा था . इसी दौरान एक बाइक मुजफ्फरपुर और दूसरी बाइक सीतामढ़ी की दिशा में जा रही थी, तभी धर्मपुर पेट्रोल पंप के पास तीनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई . दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई .
स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर किया एनएच जाम
घटना से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच-22 को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया . सड़क जाम होने के कारण मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा .
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, कब्जे में लिए वाहन
सूचना मिलते ही रामपुरहरि थाने की पुलिस मौके पर पहुंची . पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत इलाज के लिए एसकेएमसीएच भिजवाया . इसके बाद आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर सड़क से जाम हटवाया और सभी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया .
मृतक की हुई पहचान, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
मृतक की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां पंचायत स्थित मरहल्ला निवासी 30 वर्षीय अरुण राय के रूप में की गई है . वहीं घायलों में उसी गांव के पुकार सहनी और विशाल कुमार शामिल हैं . थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने बताया कि कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है
