मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला के नगर थाना क्षेत्र के पीर मोमिन शाह मजार के पास एक नाबालिग छात्रा से छेड़खानी और उसके परिवार पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दबंग आरोपी ने न सिर्फ नाबालिग से बदसलूकी की, बल्कि जब उसके पिता ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उनके सिर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस दौरान बीच-बचाव करने आई छात्रा की मां को भी बेल्ट से बुरी तरह पीटा गया. जाते-जाते आरोपी ने छात्रा पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दी, जिससे पीड़ित परिवार गहरे खौफ में है.
विरोध करने पर पिता के सिर में आए 14 टांके
जख्मी पिता को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके सिर में 14 टांके आए हैं.पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी काफी समय से उनकी बेटी से बदसलूकी कर रहा था. कुछ महीने पहले उसने उनकी बड़ी बेटी के साथ भी ऐसा ही किया था, और जब उस समय उसे टोका गया तो उसने उनकी गुमटी में आग लगा दी थी. गुरुवार को आरोपी ने फिर से सीमाएं लांघ दीं और विरोध करने पर पति को दुकान से खींचकर सिर में चाकू मार दिया.पीड़ित परिवार ने घटना से जुड़ा एक वीडियो भी पुलिस टीम को सौंपा है.
आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास, घर छोड़करफरार
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी एक आदतन अपराधी है. करीब एक महीने पहले भी उसने मोहल्ले की दूसरी लड़की से छेड़छाड़ की थी, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद उसकी गिरफ्तारी हुई थी. इसके अलावा, हथियार के साथ उसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं. घटना के बाद से आरोपी अपने घर पर ताला लगाकर फरार हो गया है. नगर थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन मिला है. पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
