Muzaffarpur News: नगर निगम में शोक: वार्ड 08 की पार्षद रौशन खातून का हार्ट अटैक से निधन, एक माह में दो पार्षदों को खोया

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर नगर निगम की वार्ड 08 की पार्षद रौशन खातून का हार्ट अटैक से निधन हो गया. एक महीने में दो पार्षदों के निधन और एक इस्तीफे से निगम के तीन वार्ड अब पार्षद विहीन हो गए हैं...

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर नगर निगम के लिए पिछला एक महीना बेहद दुखद और उथल-पुथल भरा रहा है. सोमवार शाम वार्ड संख्या 08 की पार्षद रौशन खातून का दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया. इस खबर के बाद पूरे शहर और राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है. उनके आवास पर समर्थकों और पार्षदों का तांता लगा हुआ है.

शाम को अचानक बिगड़ीतबीयत

परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम लगभग चार बजे रौशन खातून की तबीयत अचानक बिगड़ी. उन्हें दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल ले जाने से पहले ही उनका इंतकाल हो गया.पड़ोसी वार्ड संख्या 09 के पार्षद एनामुल हक ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि रौशन खातून एक सक्रिय जनप्रतिनिधि थीं और उनके निधन से वार्ड के विकास कार्यों को बड़ी क्षति हुई है.

एक महीने में तीन वार्ड हुए पार्षदविहीन

मुजफ्फरपुर नगर निगम में अब जनप्रतिनिधियों की कमी खलने लगी है. पिछले एक महीने के भीतर 49 वार्डों में से तीन वार्डों के पद खाली हो चुके हैं. बीते सप्ताह ही वार्ड नंबर 25 के पार्षद उमा शंकर पासवान का ब्रेन स्ट्रोक के कारण निधन हुआ था. वहीं, वार्ड संख्या 20 के पार्षद संजय केजरीवाल पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं.

विकास कार्यों पर संकट की स्थिति

एक महीने के भीतर दो पार्षदों के निधन और एक इस्तीफे के बाद नगर निगम के कामकाज पर असर पड़ने की संभावना है. इन वार्डों में अब प्रतिनिधित्व का संकट खड़ा हो गया है, जिससे स्थानीय विकास योजनाओं की रफ्तार धीमी पड़ सकती है. नगर निगम प्रशासन और अन्य पार्षदों ने इस क्षति पर गहरा दुख जताया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >