Muzaffarpur News: जिले के हर गांव में होगी दुग्ध क्रांति, 2028-29 तक सभी गांवों में समितियों का होगा जाल

Muzaffarpur News:जिले में 2028-29 तक हर गांव में दुग्ध सहकारी समितियों का गठन होगा. इस योजना से दूध उत्पादन बढ़ेगा, किसानों की आय मजबूत होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी....

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के कृषि आधारित उद्योगों को नई ऊंचाई देने के लिए सरकार ने एक बड़ा’ब्लूप्रिंट’ तैयार किया है. अब जिले का कोई भी गांव दूध उत्पादन की मुख्यधारा से बाहर नहीं रहेगा. सात निश्चय-3 के तहत जिले के प्रत्येक गांव में दुग्ध उत्पादन समिति का गठन किया जाएगा. इस महत्वाकांक्षी योजना को वर्ष 2028-29 तक शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

209 गांवों में फिलहाल नहीं है कोई समिति

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जिले में अभी भी 209 ऐसे गांव चिह्नित किए गए हैं, जहां कोई भी दुग्ध उत्पादन समिति सक्रिय नहीं है. इन गांवों के किसानों को दूध बेचने के लिए या तो निजी बिचौलियों पर निर्भर रहना पड़ता है या फिर काफी दूर जाना पड़ताहै. सरकार की नई कार्ययोजना के तहत सबसे पहले इन ‘ब्लैकस्पॉट’ वाले गांवों को प्राथमिकता के आधार पर कवर किया जाएगा..

हर पंचायत में खुलेगा ‘सुधा पार्लर’

दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सरकार इसके वितरण और बाजार पर भी फोकस कर रही है. जिले की सभी 373 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केंद्र (पार्लर) खोलने की योजना है. इससे न केवल स्थानीय स्तर पर शुद्ध दूध और डेयरी उत्पाद उपलब्ध होंगे, बल्कि ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

योजना की खास बातें

  • लक्ष्य: 2028-29 तक मुजफ्फरपुर के सभी गांवों को जोड़ना.
  • 209 गांवों में फिलहाल समितियों का अभाव
  • 373 पंचायतों में खुलेंगे नए सुधा पार्लर
  • फोकस: कृषि आधारित सूक्ष्म उद्योगों और पशुपालन को बढ़ावा देना।

किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

दुग्ध उत्पादन समिति के गठन से पशुपालकों को दूध का उचित मूल्य सीधे उनके बैंक खातों में मिलेगा. इसके अलावा, समितियों के माध्यम से उन्नत नस्ल के पशु, पशु आहार और टीकाकरण जैसी सुविधाएं भी आसानी से उपलब्ध कराई जाएंगी. इस पहल से जिले में श्वेत क्रांति को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है.

मुजफ्फरपुर से मुख्य संवाददाता प्रभात कुमार रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >