Muzaffarpur News: बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में 25 वर्षों से व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में सेवा दे रहे कर्मचारियों के भविष्य को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है. रविवार, 10 मई 2026 को विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय व्यावसायिक पाठ्यक्रम कर्मचारी संघ के सचिव उज्ज्वल कुमार ने कुलसचिव डॉ. समीर कुमार शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान सचिव ने कुलसचिव को बुके भेंट कर उनका स्वागत किया और कर्मचारियों की समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा.
25 वर्षों से कार्यरत कर्मियों के नियमितीकरण पर जोर
ज्ञापन के माध्यम से श्री कुमार ने कुलसचिव का ध्यान उन तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की ओर आकृष्ट कराया, जो पिछले ढाई दशकों से स्नातकोत्तर विभागों और अंगीभूत महाविद्यालयों में अपनी नियमित सेवाएं दे रहे हैं. संघ ने मांग की है कि इन अनुभवी कर्मियों की सेवा को स्वीकृत सृजित और रिक्त पदों पर नियमित किया जाए.
हाईकोर्ट के आदेश और ईपीएफ की मांग
मुलाकात के दौरान सचिव ने स्पष्ट किया कि नियमितीकरण के संबंध में माननीय उच्च न्यायालय, पटना का आदेश भी प्राप्त है. इसके अतिरिक्त, संघ ने कर्मचारियों के लिए ईपीएफ (EPF) सुविधा लागू करने और सभी विभागों व महाविद्यालयों से कार्यरत कर्मियों की सूची मंगाने की मांग भी प्रमुखता से रखी.
कुलसचिव ने दिया सकारात्मक आश्वासन
कुलसचिव डॉ. समीर कुमार शर्मा ने संघ की बातों को गंभीरता से सुना और सभी बिंदुओं पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष रवि शंकर और मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार भी उपस्थित रहे.
मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट
