Muzaffarpur News: उत्तर बिहार और राजधानी पटना के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. पूर्व मध्य रेल ने गाड़ी संख्या-15201-15202 बगहा-पाटलिपुत्र-बगहा इंटरसिटी एक्सप्रेस की बोगियों में स्थायी रूप से बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है. अब यह ट्रेन 16 कोचों के साथ पटरी पर दौड़ेगी, जिससे प्रतिदिन सफर करने वाले हजारों यात्रियों को भीड़ से बड़ी राहत मिलेगी. अभी तक यह 12 जनरल कोच के साथ चलती है. रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, इस ट्रेन में कोच बढ़ाने की तैयारी पूरी कर ली गई है. नए रैक के उपलब्ध होने के बाद आगामी 18 मई से यह ट्रेन अपनी बढ़ी हुई क्षमता के साथ चलने लगेगी. बता दें कि इस इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रियों का भारी दबाव रहता है, जिसके कारण अक्सर जनरल कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल पाती थी. यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए मंडल रेल प्रशासन ने कोचों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है.
बगहा से सुबह 8.40 में आती है ट्रेन
समय सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या-15201 पाटलिपुत्र-बगहा इंटरसिटी मुजफ्फरपुर जंक्शन पर शाम 7.30 बजे पहुंचती है. वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या-15202 बगहा-पाटलिपुत्र इंटरसिटी का मुजफ्फरपुर पहुंचने का समय सुबह 8.40 बजे निर्धारित है. सुबह के समय पटना जाने वाले दैनिक यात्रियों और व्यापारियों के लिए यह ट्रेन काफी महत्वपूर्ण है. कोच बढ़ने से अब यात्रियों को सीट मिलने में आसानी होगी और सफर पहले से अधिक आरामदायक हो जाएगा. इस बदलाव से मुजफ्फरपुर सहित बगहा, बेतिया और सुगौली के यात्रियों को राहत होगी.
मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट
