Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर मुक्तिधाम से बीते मंगलवार की रात एक महिला का शव बिना दाह संस्कार किए वापस लौटाने के मामले में ‘प्रभात खबर’ की खबर का बड़ा असर हुआ है. इस संवेदनशील और मानवता को शर्मसार करने वाले मामले पर नगर निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने मुक्तिधाम की बरसों पुरानी अव्यवस्था को बदलते हुए अब यहां 24 घंटे दाह संस्कार करने का सख्त निर्देश दिया है. इस आदेश पर अमल भी शुरू हो चुका है, जिससे अब लोग रात में भी अपनों का अंतिम संस्कार कर सकेंगे.
मनमर्जी चलाने वाले कर्मियों पर गिरेगी गाज
मामले की जांच अंतिम चरण में है और जांच रिपोर्ट के आधार पर तीन दोषी कर्मियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, बिना किसी सरकारी आदेश के लंबे समय से मुक्तिधाम में जमे कुछ कर्मी अपनी मनमर्जी चला रहे थे. इसके अलावा, रात्रि ड्यूटी में तैनात गार्ड पर भी लोगों से दुर्व्यवहार करने के गंभीर आरोप हैं. सिटी मैनेजर रीतेश कुमार ने बताया कि दो-तीन दिनों में जांच रिपोर्ट सौंप दी जाएगी, जिसके बाद संदिग्ध भूमिका वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रधान सचिव और उप मेयर ने मांगी रिपोर्ट
इस मामले की गूंज अब पटना तक पहुंच गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव ने नगर निगम से पूरी रिपोर्ट तलब की है. वहीं, उप महापौर डॉ. मोनालिसा ने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए जिला पदाधिकारी (डीएम) को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. बहरहाल, निगम की इस त्वरित कार्रवाई से अब आम जनता को बड़ी राहत मिली है.
