Muzaffarpur News: सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल छीनकर भाग रहे एक शातिर बदमाश को स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद काफी देर तक मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुटी रही. पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी युवक ने पूछताछ में अपनी पहचान मिर्जापुर इलाके के रहने वाले अमर कुमार के रूप में बताई है.
बालूघाट से सब्जी खरीदकर लौट रहे युवक से छीना मोबाइल
घटना के संबंध में बताया गया है कि कर्पूरी नगर के रहने वाले राहुल कुमार सिंह रविवार की सुबह करीब 8 बजे बालूघाट इलाके में सब्जी खरीदने गए थे. वह सब्जी खरीदकर वापस लौट ही रहे थे कि अचानक घात लगाए बैठे आरोपी अमर कुमार ने उनके हाथ से मोबाइल झपट्टा मारकर छीन लिया और तेजी से भागने लगा. राहुल कुमार सिंह ने बिना वक्त गंवाए तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया.
लोगों ने खदेड़कर दबोचा, पुलिस ने भेजा जेल
राहुल की आवाज सुनकर आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग हरकत में आ गए. लोगों ने भाग रहे बदमाश का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे खदेड़कर दबोच लिया. इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने तुरंत इस घटना की सूचना सिकंदरपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले आई. मामले में पीड़ित राहुल कुमार सिंह के लिखित बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. सिकंदरपुर थानाध्यक्ष डीके महतो ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
