Muzaffarpur News: अखंड भारत पुरोहित महासभा की ओर से देश के 108 प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भगवान सत्यनारायण की पूजा और कथा आयोजन के उद्देश्य से आगामी पांच जून को राष्ट्रीय स्तर पर सनातन गौरव यात्रा निकाली जाएगी. इस भव्य यात्रा की सफलता और तैयारियों को लेकर साहू पोखर स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में संगठन के संयोजक पंडित हरिशंकर पाठक ने बताया कि पांच जून को इस यात्रा का भव्य शुभारंभ मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ धाम से किया जाएगा.
नैमिषारण्य में होगा पहला आयोजन, महर्षि वेदव्यास से जुड़ा है इतिहास
संयोजक ने बताया कि सनातन गौरव यात्रा के तहत देश के विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया जाएगा. इस यात्रा के दौरान भगवान सत्यनारायण की पहली कथा का भव्य आयोजन नैमिषारण्य में होगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पौराणिक काल में महर्षि वेदव्यास ने नैमिषारण्य की पवित्र भूमि पर ही पहली बार 88 लाख ऋषियों को भगवान सत्यनारायण की कथा सुनायी थी. इसी ऐतिहासिक और धार्मिक कारण से यह स्थल सनातन परंपरा में एक विशेष और अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखता है.
कलियुग और मलमास में कथा श्रवण का है विशेष महत्व
बैठक में विद्वानों ने कहा कि वर्तमान कलियुग में भगवान सत्यनारायण की पूजा और कथा सुनने का विशेष फल प्राप्त होता है. खासकर मलमास के पवित्र महीने के दौरान कथा का श्रवण करने, गंगा स्नान करने, दान-पुण्य करने और तीर्थाटन करने का धार्मिक महत्व कई गुना बढ़ जाता है. पंडित हरिशंकर पाठक ने तमाम सनातन धर्मावलंबियों से अपील की है कि वे अपने परिवार के कल्याण के लिए घरों और मंदिरों में कथा का श्रवण जरूर करें. इस बैठक में महासभा के सचिव आचार्य संजय तिवारी, आचार्य अशोक कुमार पांडे, आचार्य छोटू मिश्रा और सेवइत यदुनंदन सहित दर्जनों गणमान्य आचार्य मौजूद थे.
मुजफ्फरपुर से विनय की रिपोर्ट
