मुजफ्फरपुर से प्रभात कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले में गांव-गांव तक प्रशासनिक सेवाएं पहुंचाने और लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. जिले की सभी 373 पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से “सहयोग शिविर” लगाए जाएंगे. इसकी शुरुआत 19 मई से होगी, जब पहले चरण में 23 पंचायतों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे. इस अभियान को लेकर जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. उन्होंने साफ कहा कि शिविर के दौरान किसी भी पंचायत का आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए.
हर महीने दो बार लगेंगे सहयोग शिविर
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे. मई और जून महीने में 19 मई, 2 जून, 16 जून और 30 जून को 23-23 पंचायतों में कैंप लगेंगे. वहीं जुलाई और अगस्त में 47-47 पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे. सितंबर में अंतिम चरण के तहत बची पंचायतों में कैंप लगाए जाएंगे.
पहले चरण में इन पंचायतों में लगेगा कैंप
पहले चरण में बंदरा प्रखंड के बंदरा, गायघाट के बरूआरी, कुढ़नी के सुमेरा और खरौनाडीह, मीनापुर के धरमपुर, मोतीपुर के महमदपुर महमदा और बांसघाट, मुरौल के मीरापुर, मुसहरी के जमालाबाद और झपहा, कांटी के वीरपुर, पारु के चांद केवारी, साहेबगंज के अहियापुर, सरैया के मधौल और दातापुर पंचभरिया, बोचहा के शर्मा, औराई के अतरार और मथुरापुर बुजुर्ग, मरवन के बड़का गांव उत्तरी, कटरा के हथौरी तथा सकरा के बाजी बुजुर्ग और सरमस्तपुर पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे.
डिजिटल मॉनिटरिंग के लिए बना सहयोग सेल
शिविरों की निगरानी और शिकायतों के पारदर्शी निष्पादन के लिए जिला और प्रखंड स्तर पर “सहयोग सेल” बनाया गया है. पोर्टल आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए हर आवेदन की ट्रैकिंग होगी. प्रशासन ने 48 विभागों के 73 अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए यूजर आईडी और क्रेडेंशियल भी जारी कर दिए हैं.
डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक में शामिल अधिकारियों से डीएम ने कहा कि शिविर के दौरान लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि यह अभियान आम लोगों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में अहम कदम है.
