मुजफ्फरपुर के औराई से फिरोज अख्तर की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के औराई प्रखंड से रोजी-रोटी कमाने उत्तर प्रदेश गए एक मजदूर की रेल हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था, जिसकी मौत के बाद घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
खलीलाबाद में मजदूरी करता था विजय
मृतक की पहचान औराई थाना क्षेत्र के राजखंड उत्तरी पंचायत वार्ड-11 निवासी विजय महतो के रूप में हुई है. वह करीब दो महीने पहले मजदूरी करने उत्तर प्रदेश के खलीलाबाद गया था, जहां राजमिस्त्री के साथ लेबर का काम कर रहा था.
रेलवे स्टेशन के पास हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात काम खत्म करने के बाद विजय अपने कमरे पर लौट रहा था. इसी दौरान खलीलाबाद रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया शव
रविवार सुबह पुलिस को शव मिलने के बाद मृतक के छोटे भाई रंजीत कुमार खलीलाबाद पहुंचे. वहां जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव को एंबुलेंस से पैतृक गांव लाया गया. सोमवार देर रात गांव में अंतिम संस्कार किया गया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विजय महतो अपने पीछे पत्नी प्रियंका कुमारी, तीन साल का बेटा अंकुश, आठ माह की बेटी रूही, वृद्ध मां, छोटे भाई और बहन को छोड़ गए हैं. परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी. उनकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.
