Muzaffarpur News: साइबर ठगों के झांसे में आकर दंपती ने गंवाए 29.30 लाख रुपये, तीन बैंक खातों से रकम साफ

Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर के अहियापुर में रह रहे दंपती से साइबर ठगों ने लुभावने लिंक भेजकर 29.30 लाख रुपये की बड़ी ठगी कर ली है. पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में केस दर्ज कर पुलिस तकनीकी जांच में जुट गई है.पढे़ं पूरी खबर…

Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर जिले में साइबर अपराधियों ने ठगी की एक बेहद सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है. साइबर फ्रॉड गिरोह के शातिरों ने दरभंगा जिले के केवटी (कसनरैनी) निवासी सुबोध कुमार और उनकी पत्नी को अपने जाल में फंसाकर 29.30 लाख रुपये की मोटी रकम उड़ा ली है.पीड़ित सुबोध कुमार वर्तमान में मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के विजयछपर में रह रहे हैं. इस बड़ी ठगी को लेकर पीड़ित ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर अनुज कुमार को सौंपी गई है.

फर्जी लिंक्स और विदेशी नंबरों के जाल में फंसा परिवार

जानकारी के अनुसार, यह पूरा खेल मार्च से अगस्त 2024 के बीच खेला गया. साइबर अपराधियों ने सुबोध कुमार और उनकी पत्नी को पूरी तरह से ट्रैप कर लिया था. ठगों ने उनकी पत्नी के मोबाइल नंबर पर कई संदेहास्पद और विदेशी सीरीज वाले नंबरों (7295098059, 9568846515, 9952042591, 9940673415) से लुभावने और फर्जी लिंक भेजे. जैसे ही पीड़ित परिवार ने अनजाने में उन लिंक्स पर क्लिक किया, शातिरों ने उनके बैंक खातों में डिजिटल सेंध लगा दी.

तीन अलग-अलग बैंक खातों से साफ किए 29.30 लाख

साइबर अपराधियों ने बेहद चालाकी से दंपती के तीन अलग-अलग बैंक खातों को निशाना बनाया. ठगों ने सुबोध कुमार के एसबीआई (बेला शाखा) स्थित खाते से 24 लाख 79 हजार 627 रुपये और बैंक ऑफ बड़ौदा (मिठनपुरा शाखा) के खाते से 3 लाख 60 हजार 500 रुपये उड़ालिए. इसके बाद अपराधियों ने उनकी पत्नी के पीएनबी खाते में भी सेंधमारी कर 90 हजार रुपये साफ कर दिए. कुल मिलाकर गिरोह ने 29 लाख 30 हजार 127 रुपये की साइबर डकैती डाली.

सदमे में पीड़ित परिवार, नंबर और ट्रांजैक्शन सर्विलांस पर

जीवन भर की गाढ़ी कमाई डूब जाने के बाद से पीड़ित परिवार गहरे मानसिक अवसाद में है. सुबोध कुमार ने बताया कि ठगी का अहसास होने पर उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद अब साइबर थाने में केस दर्ज हुआ है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिन नंबरों से लिंक भेजे गए थे उन्हें सर्विलांस पर ले लिया गया है. साथ ही बैंक ट्रांजैक्शन डिटेल्स खंगालकर तकनीकी जांच की जा रही है ताकि गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके.

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >