मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य व्यवस्था के नाम पर खिलवाड़ करने वाले माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. बुधवार को श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) के आसपास चल रहे अवैध और मानकविहीन निजी नर्सिंग होमों पर प्रशासनिक हंटर चला. तीन संयुक्त टीमों ने एक साथ 15 से अधिक नर्सिंग होमों पर छापेमारी की. इस ताबड़तोड़ एक्शन में नियमों की धज्जियां उड़ा रहे 11 नर्सिंग होम को सील कर दिया गया. अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे मेडिकल रोड इलाके में हड़कंप मच गया और कई संचालक क्लिनिक छोड़कर फरार हो गए.
तीन टीमों ने मिलकर की छापेमारी, हिरासत में एक मैनेजर
पूर्वी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) तुषार कुमार के नेतृत्व में इस विशेष अभियान को अंजाम दिया गया. इसके लिए तीन संयुक्त टीमों का गठन किया गया था, जिसमें औराई, गायघाट और मीनापुर के बीडीओ, स्वास्थ्य पदाधिकारी, अग्निशमन विभाग की टीम और अहियापुर थाने की पुलिस शामिल थी. भारी पुलिस बल के साथ जब टीमें ग्राउंड पर उतरीं, तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई. कार्रवाई के दौरान एक नर्सिंग होम के मैनेजर को हिरासत में लिया गया है. वहीं, एक महिला संचालक को भनक लगते ही वह मौके से फरार हो गई, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि, SKMCH में कराए गए शिफ्ट
जांच के दौरान पाया गया कि ये नर्सिंग होम न तो स्वास्थ्य विभाग के मानकों को पूरा कर रहे थे और न ही इनके पास फायर सेफ्टी के कोई पुख्ता इंतजाम थे. कई संस्थानों के पास तो वैध लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज तक नहीं थे. हालांकि, प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए नर्सिंग होम में भर्ती मरीजों को एंबुलेंस के जरिए सुरक्षित रूप से एसकेएमसीएच (SKMCH) में शिफ्ट कराया, ताकि किसी के इलाज में कोई बाधा न आए.
नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी जारी रहेगा हंटर
प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि मरीजों की जान जोखिम में डालने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा. अधिकारियों ने कहा कि जिले के अन्य इलाकों में भी चल रहे संदिग्ध स्वास्थ्य केंद्रों की लिस्ट तैयार की जा रही है और यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
