Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में महापंचायत के दौरान खूनी संघर्ष, तलवार और पत्थरों से आधा दर्जन लोग जख्मी

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में पंचायत के दौरान करीब 50 लोगों ने एक घर पर हमला कर तलवार और पत्थरों से आधा दर्जन ग्रामीणों को घायल कर दिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.पढ़ें पूरी खबर...

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर हरौना गांव में गुरुवार को एक महापंचायत के दौरान अचानक खूनी संघर्ष शुरू हो गया. गांव के चौक पर समाज के कुछ गंभीर मुद्दों को सुलझाने के लिए प्रबुद्ध लोगों की पंचायत बुलाई गई थी. अभी बातचीत चल ही रही थी कि अचानक लाठी-डंडे, तलवार और लोहे की चेन से लैस करीब 40 से 50 उपद्रवियों ने वहां धावा बोल दिया. हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए स्थानीय निवासी रामनरेश चौरसिया के घर को निशाना बनाया और झोले में भरकर लाए गए पत्थरों से ताबड़तोड़ पत्थरबाजी शुरू कर दी.

आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी, सीसीटीवी में कैद हुए उपद्रवी

इस अचानक हुए हमले से पंचायत में भगदड़मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे. जब गृह स्वामी के परिजनों और ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने धारदार हथियार और पत्थरों से वार कर आधा दर्जन लोगों को लहूलुहान कर दिया. हमले में राजकुमार चौरसिया, संगीता देवी, बबलू कुमार चौरसिया और हिमांशु कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एसकेएमसीएच(SKMCH) रेफर किया गया है. तोड़फोड़, पत्थरबाजी और मारपीट की यह पूरी वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

पांच हमलावर गिरफ्तार, मौके पर बुलाई गई एफएसएल की टीम

घटना की जानकारी मिलते ही मोतीपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह और डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच हमलावरों को हिरासत में ले लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से सैंपल एकत्र किए हैं.थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

मुज़फ़्फ़रपुर के मोतीपुर से अशोक पांडेय की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >