मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर नगर थाना क्षेत्र के कर्बला-मरीन ड्राइव रोड में एक रैपिडो कर्मी पर जानलेवा हमला कर नकदी छीनने का सनसनीखेज मामला सामने आया है.पीड़ितरैपिडो कर्मी की पहचान कुढ़नी थाना क्षेत्र के बड़ा कपूर गांव निवासी शिवम कुमार के रूप में हुई है. मारपीट में शिवम गंभीर रूप से जख्मी हो गया है. घटना के संबंध में पीड़ित ने नगर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.
पॉकेट से रुपये छीने, हंगामे के बाद गैरेज में छिपाई गाड़ी
पीड़ित शिवम ने बताया कि वह सिकंदरपुर मरीन ड्राइव की ओर से कंपनी बाग की तरफ आ रहा था. इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर मारने के बाद वाहन से एक अज्ञात व्यक्ति उतरा और उसने जान से मारने की नीयत से शिवम के सिर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया. हमलावर ने अपने हाथ में लोहे का फाइटर पहन रखा था, जिससे शिवम को गंभीर चोटें आईं. मारपीट के दौरान आरोपी ने शिवम के पॉकेट से 2500 रुपये भी छीन लिए. शोर-शराबा सुनकर जब स्थानीय लोग जुटने लगे, तो हमलावर घबरा गया और पकड़े जाने के डर से अपनी गाड़ी को पास ही स्थित एक घर के गैरेज में घुसाकर छिपा दिया.
डायल 112 की टीम पहुंची, जांच में जुटी नगर थाना पुलिस
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब उस गैरेज का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, तो अंदर मौजूद लोगों ने गेट नहीं खोला. इसके बाद 112 की टीम ने पीड़ित को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी.पीड़ित के आवेदन पर नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि गैरेज और वाहन मालिक की पहचान की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
