Muzaffarpur News: नकली सीमेंट फैक्ट्री का भंडाफोड़: 4 साल से चल रहा था खेल, नामी कंपनियों के रैपर और 2 ट्रक माल जब्त

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के गायघाट में पुलिस ने 4 साल से चल रही अवैध नकली सीमेंट फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. अल्ट्राटेक और एसीसी जैसी नामी कंपनियों के रैपर, मशीनें और 2 ट्रक माल जब्त किया गया है. आरोपी ठेकेदार बनकर खराब सीमेंट को दोबारा पीसकर बेचता था.पढ़ें पूरी खबर...

Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से जालसाजी का एक बड़ा मामला सामने आया है. पुलिस ने गायघाट थाना क्षेत्र के बेला गोपी गांव में एक ईंट भट्ठे के पास पिछले चार वर्षों से अवैध रूप से चल रही नकली सीमेंट फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में नामी कंपनियों के नकली सीमेंट, रैपर और मशीनें जब्त की हैं. पुलिस के आने की भनक लगते ही फैक्ट्री संचालक, कारीगर और मजदूर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.

ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर पैकेजिंग और मशीनें बरामद

पुलिस के मुताबिक, इस अवैध फैक्ट्री में दो बड़ी मशीनों के जरिए देश की जानी-मानी सीमेंट कंपनियों के नाम पर नकली सीमेंट तैयार किया जा रहा था. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अल्ट्राटेक, अडानी एसीसी, नोबोको, बांगर और श्री सीमेंट जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम लिखे हुए भरे बैग और हजारों खाली रैपर बरामद किए हैं. इसके अलावा सीमेंट तैयार करने वाली पिसाई मशीन, पैकिंग मशीन, सिलाई मशीन, वजन मशीन और भारी मात्रा में केमिकल भी जब्त किया गया है.

2 ट्रक माल जब्त

खराब सीमेंट को दोबारा पीसकर बाजार में खपाने का धंधा

शुरुआती जांच में जो सच सामने आया है, वह बेहद चौंकाने वाला है. यह गिरोह जमे हुए और खराब हो चुके रिजेक्टेड सीमेंट को दोबारा मशीनों में पीसकर पाउडर बनाता था. इसके बाद उसे ब्रांडेड कंपनियों के रैपर में पैक कर असली के दाम पर बाजार में सप्लाई कर दिया जाता था. मौके से दो ट्रक भी बरामद हुए हैं, जिन पर भारी मात्रा में नकली सीमेंट लोड था और इसे बाजार में भेजने की तैयारी चल रही थी.

ठेकेदार बनकर 4 साल से आंखों में झोंक रहा था धूल

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह काला धंधा पिछले चार साल से बेधड़क चल रहा था. फैक्ट्री के संचालक की पहचान पियर थाना क्षेत्र के सिमरा गांव निवासी कमलेश सहनी के रूप में हुई है. वह ग्रामीणों और आसपास के लोगों को झांसा देने के लिए खुद को बड़ी सीमेंट कंपनियों का आधिकारिक ठेकेदार बताता था. फिलहाल पुलिस ने पूरा सामान सील कर दिया है और फरार मुख्य आरोपी कमलेश सहनी व उसके गुर्गों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >