मुजफ्फरपुर में बारिश का कहर: झील बना बैरिया बस स्टैंड रोड, NH-28 पर लगा घंटों भीषण महाजाम

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में भारी बारिश के बाद बैरिया बस स्टैंड रोड और NH-28 जलमग्न हो गया है. भीषण जाम में एंबुलेंस और हजारों यात्री फंसे रहे. सड़क के गड्ढों में गिरकर कई लोग चोटिल हुए हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है. पढ़ें पूरी खबर...

Muzaffarpur News: जिले में हुई मूसलाधार बारिश ने नगर निगम और एनएचएआई के दावों की पोल खोल दी है. बैरिया बस स्टैंड रोड और NH-28 पूरी तरह झील में तब्दील हो गए हैं. सड़क पर भीषण जलजमाव के कारण शनिवार को घंटों महाजाम की स्थिति बनी रही, जिससे उत्तर बिहार के कई जिलों का संपर्क पूरी तरह प्रभावित रहा. सड़क के गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से कई बाइक और ई-रिक्शा पलट गए, जिसमें कई लोग चोटिल हुए हैं.

एंबुलेंस और यात्री बेहाल, प्रशासन मौन


जलजमाव का सबसे बुरा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है. मुजफ्फरपुर सहित पूर्वी और पश्चिमी चंपारण से SKMCH जाने वाले गंभीर मरीज और उनकी एंबुलेंस घंटों जाम में फंसी रहीं. पटना और अन्य राज्यों को जाने वाले यात्रियों को बस स्टैंड तक पहुंचने के लिए जलजमाव और कीचड़ के बीच भारी मशक्कत करनी पड़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण हर साल यही स्थिति बनती है.

क्षतिग्रस्त सड़क बनी हादसों का सबब


बैरिया गोलंबर के पास सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. पानी भरे होने के कारण चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं मिलता, जिससे गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं. स्थानीय व्यवसायियों और आम जनता में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है. लोगों ने मांग की है कि अविलंब जल निकासी की व्यवस्था की जाए और जर्जर सड़क की मरम्मत हो, ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से निजात मिल सके.

मुजफ्फरपुर से माधव कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aaruni Thakur

प्रभात खबर में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत आरुणि ठाकुर, पत्रकारिता के क्षेत्र में गहरी रुचि रखते हैं। देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद, वर्तमान में वे समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर कर रहे हैं। विस्तार न्यूज और इंडिया न्यूज जैसे संस्थानों में अनुभव प्राप्त आरुणि को हाइपरलोकल खबरों, राजनीति और डॉक्यूमेंट्री निर्माण में विशेष रुचि है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >